Betul News: व्हाइट टॉपिंग सड़क बनी रफ्तार की ट्रैक, तेज गति से बढ़ रहे हादसे

बिना ब्रेकर के सरपट दौड़ रहे वाहन, बैल से टकराया वाहन, युवक घायल
Betul News: बैतूल। शहर के कोतवाली थाना चौक से शिवाजी चौराहे तक बनाई गई व्हाइट टॉपिंग सड़क इन दिनों वाहन चालकों के लिए खतरे का कारण बनती जा रही है। अच्छी और सपाट सड़क का फायदा उठाकर चालक तेज रफ्तार में वाहन दौड़ा रहे हैं, जिससे लगातार दुर्घटनाएं सामने आ रही हैं। बीती रात भी इसी सड़क पर एक तेज रफ्तार बाइक सवार हादसे का शिकार हो गया।

जानकारी के अनुसार, एचडीएफसी बैंक के सामने देर रात एक बाइक सवार तेज गति से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक सड़क पर एक बैल आ गया। बाइक सवार संभल पाता, इससे पहले ही उसकी बाइक बैल से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया, जबकि बैल मौके से चला गया।
घटना के दौरान वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद बाइक सवार काफी देर तक सड़क पर पड़ा रहा। इसी बीच गश्त पर निकले कोतवाली थाना पुलिसकर्मियों की नजर उस पर पड़ी। पुलिस ने तत्काल डायल 112 को सूचना देकर मौके पर बुलाया और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। साथ ही बाइक को सुरक्षित थाने में रखवाया गया।
नशे और लापरवाही ने बढ़ाया खतरा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सवार नशे की हालत में था और शुरुआत में अस्पताल जाने के लिए भी तैयार नहीं हो रहा था। स्थानीय नागरिकों ने इस सड़क को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि लोक निर्माण विभाग ने सड़क तो उच्च गुणवत्ता की बना दी, लेकिन सुरक्षा के आवश्यक इंतजामों को नजरअंदाज कर दिया गया है। पूरी सड़क पर कहीं भी स्पीड ब्रेकर या चेतावनी संकेत नहीं लगाए गए हैं, जिससे वाहन चालक बेधड़क 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वाहन दौड़ा रहे हैं।
स्पीड कंट्रोल नहीं तो बढ़ेंगे हादसे
नागरिकों का यह भी कहना है कि इस मार्ग पर पैदल चलने वालों और दुकानों के सामने आने-जाने वालों के लिए खतरा बढ़ गया है। यदि जल्द ही स्पीड कंट्रोल के उपाय नहीं किए गए, तो आने वाले समय में बड़े हादसे होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर स्पीड ब्रेकर, साइन बोर्ड और अन्य सुरक्षा उपाय तत्काल लगाए जाएं, ताकि हादसों पर रोक लगाई जा सके।




