Betul Ki Khabar: दल से ऊपर राजनीति: नपा अध्यक्ष ने सभी पार्षदों से मांगी प्राथमिकता

कांग्रेस पार्षदों ने भी नपा अध्यक्ष की पहल का किया स्वागत
Betul Ki Khabar: बैतूल। नगर पालिका बैतूल में इस बार एक सकारात्मक और अलग पहल देखने को मिली है। नपा अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर ने दलगत राजनीति से ऊपर उठते भाजपा और कांग्रेस, दोनों ही दलों के 33 पार्षदों को व्यक्तिगत रूप से पत्र लिखकर उनके वार्डों के विकास कार्यों की प्राथमिकता मांगी है। इस पहल को नगर पालिका के इतिहास में एक नई परंपरा की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
दरअसल आगामी 30 मार्च को प्रस्तावित परिषद और पीआईसी की बैठक को ध्यान में रखते हुए अध्यक्ष ने करीब 15 दिन पहले ही पार्षदों से उनके-अपने वार्ड के दो ऐसे महत्वपूर्ण विकास कार्यों का प्रस्ताव मांगा, जो जनहित में अत्यंत आवश्यक हों। पत्र में स्पष्ट निर्देश दिए कि संबंधित कार्यों के प्रस्ताव विभागीय समिति के माध्यम से संकल्प पारित कर सक्षम स्वीकृति के बाद सामान्य प्रशासन शाखा में तीन दिवस के भीतर प्रस्तुत किए जाएं, ताकि उन्हें बैठक में शामिल कर निर्णय लिया जा सके।
इस पहल का असर भी सकारात्मक रूप से सामने आया है। अधिकांश पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की प्राथमिकताएं लिखित रूप में दे दी हैं। खास बात यह रही कि कांग्रेस पार्षदों ने भी इस कदम का स्वागत किया है। कांग्रेस पार्षद नफीस खान ने इसे जनहित में एक सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि पहली बार ऐसा हुआ है जब सभी वार्डों के विकास को समान प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने सुझाव दिया कि इस प्रक्रिया को भविष्य में भी नियमित रूप से अपनाया जाना चाहिए, ताकि हर बैठक से पहले पार्षदों की प्राथमिकताएं स्पष्ट रूप से सामने आ सकें।
नपा अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर का कहना है कि नगर सरकार का दायित्व सभी वार्डों का समान रूप से विकास करना है, चाहे वे किसी भी दल के पार्षदों के हों। कई बार विकास कार्यों को लेकर पार्षदों में असंतोष देखने को मिलता है, जिसे दूर करने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। उन्होंने बताया कि जिन पार्षदों ने समय पर जानकारी नहीं दी, उनसे व्यक्तिगत संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर ली गई है। इस कदम को न केवल पार्षदों के बीच समन्वय बढ़ाने वाला माना जा रहा है, बल्कि शहर के संतुलित और पारदर्शी विकास की दिशा में एक मजबूत प्रयास भी माना जा रहा है।




