Betul Crime News: मौसा के घर भांजे ने लगाई 21 लाख की सेंध 

चोरी के जेवर गिरवी रख लिया गोल्ड लोन, कर्ज चुकाने का खुलासा

Betul Crime News: बैतूल। आमला में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने रिश्तों का भरोसा तोड़ते हुए अपने ही परिजन के घर में सेंध लगा दी। मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि चोरी किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि फरियादी के रिश्तेदार ने ही अंजाम दी थी।

आमला पुलिस के अनुसार कुंबी मोहल्ला निवासी फरियादी ओमकार टिकारे ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 और 10 मार्च की दरम्यानी रात अज्ञात चोर घर के पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए और सोने-चांदी के आभूषणों सहित बैग में रखे 30 हजार रुपये चोरी कर ले गए। शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की और विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर इंदौर के बाणगंगा क्षेत्र स्थित वृद्धावन कॉलोनी कुम्हार खेड़ा निवासी महेन्द्र उर्फ रंजीत दवंडे (32) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी की पूरी वारदात कबूल कर ली। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी फरियादी का मौसा लगता है और उसे घर की पूरी जानकारी थी, जिसका फायदा उठाकर उसने घटना को अंजाम दिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह भारी कर्ज में डूबा हुआ था। आर्थिक दबाव से परेशान होकर उसने रिश्तेदार के घर चोरी की योजना बनाई। चोरी किए गए जेवरात को उसने इंदौर स्थित केपरी गोल्ड लोन फाइनेंस की महरी माता शाखा में गिरवी रखकर 8 लाख 414 रुपये का गोल्ड लोन लिया। इस रकम से आरोपी ने फेडरल बैंक से लिया गया करीब 4 लाख 57 हजार रुपये का कर्ज चुका दिया।

पुलिस जांच में आरोपी के खाते में शेष 2 लाख 98 हजार रुपये पाए गए, जिसे तत्काल फ्रीज कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी से संबंधित मशरूका भी बरामद कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि कई बार अपराधी कोई बाहरी नहीं, बल्कि भरोसे के दायरे में शामिल लोग ही निकलते हैं।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button