Betul News: नपा बैतूल में फिर वेतन संकट: करोड़ों की वसूली के बावजूद कर्मचारी परेशान

तीसरे महीने भी वेतन में देरी, 500 से ज्यादा कर्मचारी आक्रोशित
Betul News: बैतूल। नगर पालिका बैतूल में कर्मचारियों को फरवरी माह का वेतन अब तक नहीं मिल पाया है, जिससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। खास बात यह है कि नपा को हाल ही में राजस्व वसूली के रूप में करीब 1 करोड़ की राशि प्राप्त हुई है, इसके बावजूद कर्मचारियों को वेतन के लिए तरसना पड़ रहा है। लगातार तीसरे महीने वेतन में हो रही देरी ने कर्मचारियों के धैर्य को जवाब दे दिया है।
नगर पालिका में इस समय मुख्य नगरपालिका अधिकार का पद रिक्त है और एसडीएम अभिजीत सिंह को प्रशासक के रूप में प्रभार सौंपा गया है। बताया जा रहा है कि एसडीएम के पास पूर्ण वित्तीय अधिकार नहीं होने के कारण वेतन भुगतान की प्रक्रिया अटक गई है। कर्मचारियों के अनुसार वेतन से संबंधित फाइल प्रशासक के पास भेजी गई थी, लेकिन फाइल वापस कर दी गई, जिससे समस्या और गहराती चली गई।
त्योहार से पहले संकट, कर्मचारियों में बढ़ा आक्रोश
कल से चैत्र नवरात्रि की शुरुआत हो रही है, ऐसे में वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति और बिगड़ गई है। नगर पालिका के लगभग 500 से 600 कर्मचारी वेतन के अभाव में परेशान हैं। कर्मचारियों का कहना है कि त्योहार के समय इस तरह की लापरवाही असहनीय है और अब वे आंदोलन के मूड में आ गए हैं।
कर्मचारी संघ ने दी चेतावनी, कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन
कर्मचारी संघ अध्यक्ष मदन विनोदकर ने बताया कि वेतन भुगतान को लेकर कई बार प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब सभी कर्मचारी एकजुट होकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने की तैयारी कर रहे हैं। यदि जल्द ही वेतन जारी नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।
एसडीएम से संपर्क नहीं, स्थिति पर बना असमंजस
इस पूरे मामले में एसडीएम अभिजीत सिंह का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। इससे कर्मचारियों और आमजन के बीच स्थिति को लेकर असमंजस बना हुआ है। नगर पालिका द्वारा करोड़ों रुपये की वसूली के बावजूद कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिलना प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। लगातार हो रही देरी से कर्मचारियों का विश्वास डगमगा रहा है और अब वे निर्णायक कदम उठाने के मूड में नजर आ रहे हैं। आने वाले दिनों में यह मामला और तूल पकड़ सकता है।




