Betul Samachar: एप पर बुकिंग करते ही मिनटों में हो रही शौचालयों की सफाई

वॉव एप के जरिए जिले में स्वच्छता की दिशा में तेज़ी से बढ़ते कदम
Betul Samachar: बैतूल। स्वच्छता की दिशा में जिले ने एक और अहम कदम आगे बढ़ाया है। जिला पंचायत द्वारा वॉव एप का संचालन शुरू किया गया है, जिसके माध्यम से शौचालयों की सफाई अब पहले से कहीं अधिक आसान, तेज़ और सुलभ हो गई है। शहर हो या गांव, कस्बा हो या ग्रामीण क्षेत्र इस एप के जरिए आम नागरिक अब घर बैठे शौचालय सफाई की सेवा ले पा रहे हैं। खास बात यह है कि एप पर बुकिंग करते ही प्रशिक्षित सफाई मित्र कुछ ही मिनटों में निर्धारित पते पर पहुंचकर आधुनिक उपकरणों से बेहतर सफाई सुनिश्चित कर रहे हैं।
जिला पंचायत सीईओ अक्षत जैन के अनुसार मौजूदा समय में जिले में डेढ़ दर्जन से अधिक सफाई मित्र सक्रिय रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। लोगों में एप के प्रति जागरूकता बढ़ रही है और इसका सकारात्मक असर भी साफ दिखाई देने लगा है। जैसे-जैसे जागरूकता बढ़ रही है, वैसे-वैसे इस सेवा की मांग और दायरा भी लगातार विस्तारित हो रहा है।
एप पर बुकिंग से आसान हुई शौचालयों की सफाई
वॉश ऑन व्हील्स के माध्यम से स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जिले की सभी ग्राम पंचायतों, शहरों और कस्बों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। जिला पंचायत सीईओ अक्षत जैन ने बताया कि इस एप के जरिए आम नागरिक अपने घरों, दुकानों, कार्यालयों, शॉपिंग मॉल सहित अन्य सार्वजनिक व निजी स्थलों के शौचालयों की सफाई के लिए ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं।
बुकिंग मिलते ही सफाई मित्र प्रेशर मशीन और आवश्यक संसाधनों के साथ मौके पर पहुंचते हैं और कुछ ही समय में शौचालयों की पूरी तरह सफाई कर दी जाती है। इस सेवा के लिए शासन के निर्देशानुसार मात्र 200 से 250 रुपए का मामूली शुल्क निर्धारित किया गया है, जो निजी संस्थानों द्वारा ली जाने वाली राशि की तुलना में काफी कम है। कम लागत में बेहतर सेवा मिलने से लोगों का भरोसा इस पहल पर और मजबूत हो रहा है।
33 क्लस्टरों में 29 सफाई मित्र संभाल रहे जिम्मेदारी
जिले में स्वच्छता का संदेश हर कोने तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। जिला पंचायत सीईओ के मुताबिक, इस अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए राज्य स्तर पर विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया था, जिसमें जिले से 29 सफाई मित्रों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के बाद वर्तमान में जिले के 33 क्लस्टरों में शौचालयों की सफाई का कार्य नियमित रूप से किया जा रहा है। लोगों में स्वच्छता के प्रति बढ़ती जागरूकता का असर यह है कि प्रतिदिन की सफाई बुकिंग के आंकड़े भी लगातार बढ़ रहे हैं। आने वाले समय में इस एप के माध्यम से नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर सेवा को और प्रभावी बनाने की योजना है। स्वच्छता की दिशा में शासन का यह प्रयास निश्चित रूप से जिले के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
वन टाइम पास वर्ड के जरिए हो रही निगरानी
इस ऐप के माध्यम से स्वच्छता साथी वॉश ऑन व्हील्स मोबाइल एप एनआईसी द्वारा विकसित पर अपनी लोकेशन और समय चुनकर शौचालय सफाई का अनुरोध करते हैं।जिसके बाद सफाईकर्मी दोपहिया वाहनों पर आवश्यक उपकरणों और सुरक्षा किट के साथ मौके पर पहुँचते हैं। जिओ टैगिंग एवं के ज़रिए सफाई की निगरानी की जाती है और काम पूरा होने पर इसका फीडबैक लिया जाता है, जिससे सेवा की गुणवत्ता सुनिश्चित होती है.
इसका मुख्य उद्देश्य
ग्रामीण क्षेत्रों के संस्थागत स्कूल, आंगनवाड़ी, पंचायत और व्यक्तिगत शौचालयों को स्वच्छ और उपयोगी बनाना है तथा स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत खुले में शौच मुक्त स्थिति को बनाए रखना,और साथ ही रोजगार के अवसर पैदा करना और ग्रामीण स्वच्छता को सशक्त बनाना है।
इनका कहना….
वॉश ऑन व्हील्स एप के जरिए सफाई अभियान शुरू किया गया है। वर्तमान में 29 प्रशिक्षित सफाई मित्र 33 क्लस्टरों में काम कर रहे हैं। इसका दायरा बढ़ाने के लिये पर्याप्त प्रचार प्रसार भी किया जा रहा है।
अक्षत जैन, सीईओ, जिला पंचायत बैतूल




