Betul Samachar: सर्वर की सुस्ती ने बिगाड़ी नेशनल लोक अदालत की रफ्तार, लक्ष्य से पीछे रही राजस्व वसूली

सितंबर की तुलना में कम रहा कलेक्शन, कर्मचारियों को मिल जाएगा इस माह का वेतन
Betul Samachar: बैतूल। सितंबर माह में आयोजित नेशनल लोक अदालत के दौरान नगर पालिका को करीब 75 लाख रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ था, जिससे कर्मचारियों के वेतन भुगतान में राहत मिली थी। उसी तर्ज पर इस बार भी नगर पालिका ने शनिवार को आयोजित नेशनल लोक अदालत से 1 करोड़ रुपए राजस्व वसूली का लक्ष्य रखा था। हालांकि तकनीकी समस्याओं के कारण यह लक्ष्य पूरा नहीं हो सका और लोक अदालत के माध्यम से कुल 56.63 लाख रुपए की ही वसूली हो पाई।
हालांकि यह राशि नपा के खजाने में पहुंचने के बाद कर्मचारियों को नवंबर माह का वेतन मिलने के आसार है। पिछ्ले कई माह से नपा की वित्तीय स्थिति ठीक नहीं होने से कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल पा रहा है। शनिवार को नगर पालिका में आयोजित नेशनल लोक अदालत में टैक्स पर सरचार्ज छूट का लाभ लेने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे। लोक अदालत की शुरुआत सुबह 10 बजे हुई, लेकिन ई-नगरपालिका सर्वर की धीमी गति ने शुरुआत से ही टैक्स वसूली की प्रक्रिया को प्रभावित कर दिया। टैक्स जमा करने पहुंचे लोग काउंटरों पर लंबी कतारों में खड़े नजर आए, लेकिन सर्वर स्लो होने के कारण कलेक्शन बेहद धीमा रहा।

लोग होते रहे परेशान
प्रारंभिक समय में तकनीकी दिक्कतों के चलते कर्मचारियों को भी काम करने में परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर करीब 12 बजे सर्वर में कुछ सुधार हुआ, जिससे टैक्स कलेक्शन ने रफ्तार पकड़ी और लोगों को कुछ राहत मिली। हालांकि दोपहर लगभग 3 बजे सर्वर एक बार फिर धीमा पड़ गया, जिससे टैक्स वसूली का काम कुछ समय के लिए पूरी तरह ठप हो गया।
सर्वर फिर बना विलेन
बार-बार सर्वर खराब होने से टैक्स जमा करने आए लोगों में नाराजगी भी देखी गई। कई नागरिक घंटों इंतजार के बाद बिना टैक्स जमा किए लौट गए, जबकि कुछ लोग सर्वर के दोबारा चालू होने का इंतजार करते रहे। बाद में सर्वर शुरू होने पर टैक्स वसूली का कार्य फिर से प्रारंभ किया गया, जो देर शाम तक जारी रहा। नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार लोक अदालत के माध्यम से कुल 56.63 लाख रुपए की राजस्व वसूली हुई। हालांकि तय लक्ष्य 1 करोड़ रुपए के मुकाबले कलेक्शन कम रहा, फिर भी अधिकारी आगामी दिनों में शेष वसूली पूरी होने की उम्मीद जता रहे हैं, ताकि कर्मचारियों को समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जा सके।




