Betul Crime News : बर्थ-डे पार्टी में चाकूबाजी, दो युवकों पर जानलेवा हमला

डांस को लेकर हुआ विवाद, चार नाबालिगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
Betul Crime News : बैतूल। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम कनारा में शुक्रवार रात एक बर्थ-डे पार्टी के दौरान उस समय सनसनी फैल गई, जब मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। डीजे पर डांस करने को लेकर शुरू हुई कहासुनी चाकूबाजी में बदल गई, जिसमें दो युवकों पर जानलेवा हमला किया गया। घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि एक युवक की हालत नाजुक होने पर उसे भोपाल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कनारा डोमाढाना में राजेश धुर्वे के घर उनके बेटे की जन्मदिन पार्टी आयोजित की गई थी। पार्टी में डीजे बज रहा था और बड़ी संख्या में गांव के युवक मौजूद थे। इसी दौरान डांस करने और नाचने को लेकर कुछ युवकों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। शुरू में लोगों ने विवाद को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन गुस्से में मामला बढ़ता चला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि चार नाबालिग युवकों ने बोथी निवासी अर्जुन पिता गन्नू चौहान और निलेश नवड़े पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से पार्टी में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल बैतूल लाया गया।

डॉक्टरों के मुताबिक अर्जुन को पेट और कंधे में चाकू के गंभीर घाव लगे हैं। उसकी हालत चिंताजनक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है। वहीं निलेश नवड़े को भी चाकू के वार से चोटें आई हैं, जिसका इलाज जिला अस्पताल में जारी है। चिकित्सकों का कहना है कि दोनों युवकों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही खेड़ी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। खेड़ी चौकी प्रभारी राकेश सरियाम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चाकूबाजी करने वालों के रूप में चार नाबालिग युवकों के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने दोनों घायलों के बयान दर्ज कर लिए हैं और उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस ने चारों नाबालिग आरोपियों के खिलाफ हाफ मर्डर (जानलेवा हमला) का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चूंकि आरोपी नाबालिग हैं, इसलिए किशोर न्याय अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द ही हिरासत में ले लिया जाएगा।



