Betul News: सीएम इंफ्रा के आगे घुटने टेकती नपा!

8 इंच-4 इंच का खेल, 53 लाख के ड्रेनेज को खाई में धकेल रही मनमानी
Betul News: बैतूल।। कोठीबाजार थाना रोड पर नगर पालिका की नाकामी और ठेकेदार की मनमानी ने मिलकर जनता का जीना हराम कर दिया है। ड्रेनेज निर्माण के नाम पर जो काम हो रहा है, वह भ्रष्टाचार का खुला नंगा नाच साबित हो रहा है, डीपीआर की भी धज्जियां उड़ाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जा रही। मनमानी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि, ऊपर 8 इंच और नीचे 4 इंच की कॉटन वाल डालने का बेहूदा खेल चर्चा का विषय बन चुका है।
सवा महीने से काम अधूरा पड़ा है, लेकिन नपा अधिकारी ठेकेदार के आगे ऐसे नत मस्तक हैं मानो पूरा शहर उसी के भरोसे चल रहा हो। हालात यह हैं कि, व्यापारी ना व्यापार कर पा रहे हैं। बल्कि लोगो को अपने घरों के भीतर आने जाने में भी खतरों से खेलना पड़ रहा है।यदि इसी तरह नपा अधिकारियों की अनदेखी और ठेकेदार की मनमानी चलती रही तो घटिया ड्रेनेज का पानी सीपेज होकर लोगो के घरों की नींव कमजोर करेगा। हालात बता रहे हैं कि, लाखो के ड्रेनेज का काम लगाने की पूरी तैयारी की जा चुकी है। स्थानीय पार्षद नफीस खान का कहना है कि, इसकी शिकायत लोकायुक्त सहित कलेक्टर बैतूल से की जा रही है
कैद होकर रह गए बुजुर्ग, आने जाने के लिए तगड़ी रकम करना पड़ रहा खर्च
ड्रेनेज निर्माण के लिए करीब सवा महीने पहले सड़क के आजू बाजू खुदाई की गई थी। लेकिन ठेकेदार 100 मीटर की नाली निर्माण तक पूर्ण नहीं कर पाया है।लोगो की दुकानों औऱ घरों के सामने बने गड्ढों रूपी खाई में गिरकर कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। बुजुर्गों की हालत सबसे ज्यादा खराब है— भीषण ठंड के बीच धूप सेंकने के लिए कई बुजुर्ग हफ्तों से अपने घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे।
किसी को अस्पताल जाना है, किसी को जरूरी काम… लेकिन खाई जैसी खुदाई ने रास्ते को कैदखाना बना दिया है।घरों से में आने जाने के लिए लोगो को तगड़ी रकम खर्च कर अपनी व्यवस्था खुद करना पड़ रहा है। जबकि ठेकेदार आराम से नॉ दिन चले अढ़ाई कोस की तर्ज पर काम कराने में लगा है।दिक्कतों से जूझ रहे लोगो का साफ कहना है कि, मुसीबतें झेलकर जो राशि उन्हें खर्च करना पड़ रहा है, उसकी भरपाई क्या नपा करेगी या ठेकेदार।
सड़क पर लग रहा सब्जी बाजार, अस्त व्यस्त हुआ यातायात
इसी सड़क पर सप्ताह में रविवार , गुरुवार साप्ताहिक बाजार लगाया जाता है।सड़क पर ही मटेरियल, लोहा, सीमेंट के पाइप पड़े होने की वजह से सड़क पर ही सब्जियों की दुकाने लगाना पड़ रहा है। जहां सुबह से शाम तक जाम की स्थिति बनी रहती है। बच्चों के स्कूल जाने में खतरा, दुकानदारों की रोजी-रोटी पर संकट और महिलाओं को हर दिन जोखिम उठाकर रास्ता पार करना पड़ रहा है। हालात इतने बत्तर हैं कि, यातायात बहाल करने के लिए पुलिस को मशक्कत करना पड़ता है।
ना कोई देखने वाला, ना सुनने वाला, ठेकेदार को खुली छूट
पिछले सवा महीने से दिक्कतें झेल रहे नागरिकों का स्पष्ट आरोप है ,ठेकेदार और नपा की मिलीभगत से ड्रेनेज की गुणवत्ता में खुला भ्रष्टाचार हो रहा है। कोई इंजीनियर देखने नहीं आता, यदि आता भी है तो फोटो खींच कर ले जाता है, लेकिन घटिया काम पर आपत्ति नहीं ली जाती। मौके पर नाप-जांच का नाम तक नहीं, और जनता की शिकायतों का जवाब सिर्फ,कल हो जाएगा, अभी हो जाएगा तक ही सीमित है।
तत्काल एक्शन नहीं तो बिगड़ जाएंगे हालात
लाखों रुपयों के विकास को वीत्तीय अनियमितता का पर्याय बनाने के इस खेल के सामने आने के बाद लोगों का गुस्सा अब उबलने लगा है। वार्डवासियों का कहना है कि अगर प्रशासन ने तुरंत हस्तक्षेप नहीं किया तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उच्च स्तर पर शिकायते की जाएगी। क्योंकि जनता की तकलीफों को ठेकेदार ही नहीं बल्कि नपा के अधिकारी भी नजर अन्दाज कर रहे हैं। लोगो का कहना है कि हालातो को देखकर ही समझ आ रहा है कि, नपा ठेकेदार की जेब में समा चुकी है? जनता अब न्याय और कार्रवाई की प्रतीक्षा में है। यदि इस मामले में जल्द ही कार्यवाही नहीं कि गई और जनता की परेशानियों को नजरअंदाज किया गया तो हालात किसी भी दिन विस्फोटक हो सकते हैं।
इनका कहना…
ड्रेनेज निर्माण में ठेकेदार मनमर्जी से काम कर रहा है, डीपीआर के मुताबिक काम नहीं हो रहा, यदि स्तिथि नहीं सुधारी जाती है तो, मजबूरन विरोध का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
नफीस खान ,पार्षद, तिलक वार्ड बैतूल




