Betul Ki Khabar: अपह्रत मासूम की सकुशल वापसी में किसान की महत्वपूर्ण भूमिका

आरोपी अब भी फरार, 30 हजार के इनाम के लिए एसपी ने आईजी को लिखा पत्र
Betul Ki Khabar: बैतूल। 6 वर्षीय मासूम के अपहरण मामले में पुलिस ने तब थोड़ी राहत की सांस ली जब बालिका पूरी तरह सुरक्षित बरामद कर ली गई। बालिका की दस्तयाबी में पुलिस की मेहनत के साथ एक जागरूक किसान की भूमिका विशेष रूप से सामने आई है। किसान की समय रहते दिखाई सूझबूझ के कारण पुलिस बालिका तक पहुंच सकी। वहीं आरोपी अनिल कुशराम अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है और 30 हजार रुपए के अतिरिक्त इनाम की अनुशंसा के लिए आईजी मिथलेश शुक्ला को पत्र भेजा है।
यकीन में बदला किसान का शक, मासूम तक पहुंची पुलिस
अपहरण की रिपोर्ट मिलते ही एसपी वीरेंद्र जैन के निर्देशन में पुलिस की 10 विशेष टीमें सक्रिय कर दी गई थीं। बच्ची को महाराष्ट्र ले जाने की आशंका पर अमरावती जिले के सभी थानों को भी अलर्ट किया गया था। पुलिस की निरंतर सर्चिंग, सोशल मीडिया, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर बालिका की तलाश जारी रही।
इसी दौरान आरोपी अनिल कुशराम बालिका को बाइक से ले जाकर महाराष्ट्र के एक गांव पहुंचा। वहां उसने एक किसान से संपर्क कर काम मांगा। किसान ने पहले तो उसे काम दे दिया, लेकिन बालिका के व्यवहार से उसे शक हुआ। आरोपी बालिका को अपनी बेटी बता रहा था, जबकि बच्ची उससे दूरी बनाकर रह रही थी। किसान ने गुपचुप तरीके से अलग से बालिका से पूछताछ की तो उसने साफ कहा कि आरोपी उसका पिता नहीं है।
शक की पुष्टि होते ही किसान ने बालिका को अपनी अभिरक्षा में लिया और अपने साथियों के साथ आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। किसान ने तत्काल गांव के पटेल के माध्यम से पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित कब्जे में ले लिया।
एसपी ने बताया कि बालिका का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बैतूल तथा महाराष्ट्र के अमरावती पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार सर्च कर रही हैं। आरोपी की गिरफ्तारी पर स्थानीय स्तर पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है और 30 हजार रुपए अतिरिक्त इनाम घोषित करने के लिए आईजी नर्मदापुरम संभाग को प्रस्ताव भेजा गया है।




