Betul News: चोरी की बिजली से रोशन हो रहे यूनीपोल!
Betul News: Unipoles are being lit with stolen electricity!

नपा की स्ट्रीट लाइट से किया कनेक्शन, नपा पर बैठेगा हजारों का बिजली बिल का फटका
Betul News: बैतूल। नगरपालिका ने नियम-कायदे ताक पर रखकर पहले सामान्य होर्डिग्स की जगह पांच स्थानों पर यूनीपोल लगाने की छूट देकर संबंधित फर्म को बेजा फायदा पहुंचा दिया। इस मामले में विवाद बढ़ा तो विधायक से लेकर अन्य जनप्रतिनिधियों को भी मोर्चा खोलना पड़ा। इसके बावजूद नपा का दावा है कि यूनीपोल नियम से लगाए गए। विवादों के बीच ताजा मामला सामने आया है कि होर्डिंग्स लगाने वाली फर्म ने जिन स्थानों पर यूनीपोल लगाए हैं, वहां पर नपा की स्ट्रीट लाइन से सीधा कनेक्शन कर दोनों तरफ लाइट लगा लिए हैं। इससे नपा को हर माह हजारों के बिजली बिल का फटका बैठ सकता है।
जिला मुख्यालय की नपा द्वारा यूनीपोल की अनुमति दिए जाने के बाद से ही मामला विवादों में चल रहा है। अन्य होर्डिंग्स संचालक संबंधित फर्म और नपा के खिलाफ लगातार मोर्चा खोले हैं। यह मामला हाईकोर्ट तक ले जाने की तैयारी की जा रही है। फ्लैक्स-प्रिंटर्स संचालकों ने इस मामले में आरटीआई के तहत महत्वपूर्ण दस्तावेज निकालकर नपा और संबंधित फर्म को घेरने की रणनीति बनाई है। इस बीच आरोप लग रहे हैं। नपा ने होर्डिंग्स संचालक को शहर में पांच जगह यूनीपोल लगाने की अनुमति देने के अलावा अब शाम को इसे रोशन करने के लिए नपा की बिजली का सहारा देने के आरोप लग रहे हैं। इससे मामला और विवादों में पड़ गया है।

खुलेआम रोशन हो रहे यूनीपोल
फर्म ने पांच स्थानों कारगिल चौक, अंबेडकर चौक, गुप्ता शॉपिंग मॉल के पास, बसस्टैंड और कालेज चौक पर यूनीपोल लगाए हैं। इनमें से एक दो को छोड़ दे तो बाकी जगह शाम को दोनों ओर यूनीपोल पर बड़े एलईडी लगाकर इसे रोशन किया जा रहा है। चौकाने वाली बात यह है कि जिन स्थानों पर यूनीपोल लगे हैं, यही पर नपा के डिवाइडर लगे हैं। डिवाइडर के पास लगे स्ट्रीट लाइट से फर्म ने कनेक्शन यूनीपोल को रोशन करना शुरू कर दिया, लेकिन इसके लिए अनुमति नहीं ली। आरोप लग रहे हैं कि बिना अनुमति नपा को बिजली बिल का फटका बैठाने की तैयारियां की जा रही हैं।
आखिर फर्म पर इतनी मेहरबानी क्यों?
शुरू से एक बात स्पष्ट नजर आ रही है कि नपा के जिम्मेदार फर्म को भुगतान से लेकर होर्डिंग्स की जगह यूनीपोल लगाने जैसे मामले पर खासी मेहरबानी दिखाई। इसका विरोध हुआ तो नपा के जिम्मेदार अपना तर्क देते रहे। इसी वजह पूरा मामला शुरू से लेकर आखरी तक विवादों में ही दिखाई दे रहा है। चर्चा चल रही है कि फर्म की किसी जिम्मेदार अधिकारी के साथ पाटर्नशिप भी है। इसी वजह संबंधित फर्म को उपकृत किए जाने को लेकर नियम-कायदे ताक पर रखे जा रहे हैं।
इनका कहना…
यूनीपोल के लिए बिजली की अनुमति ली गई है। विद्युत कंपनी से जितनी बिजली जलाएं उतना बिल लिया जाकर फर्म को दिया जाएगा। नपा की स्ट्रीट लाइट से कनेक्शन का प्रस्ताव भी परिषद में लिया गया है।
सतीष मटसेनिया, सीएमओ नपा बैतूल
मेरे पास यह मामला नहीं है। सीएमओ साहब और राजस्व शाखा के प्रजापति द्वारा यह मामला देखा जा रहा है। स्ट्रीट लाइट से कनेक्शन के संबंध में हमसे फर्म ने कोई अनुमति नहीं ली है।
अमित सक्सेना, विद्युत शाखा प्रभारी नपा बैतूल




