Betul Accident News : बगडोना-सारणी मार्ग पर दर्दनाक हादसा : 10 गोवंश की मौत, नगर पालिका और प्रशासन पर फूटा गुस्सा

Betul Accident News : बैतूल। मंगलवार रात बगडोना-सारणी मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया। रात करीब 11 बजे बगडोना में महतो पेट्रोल पंप के सामने स्टेट हाईवे पर बैठे गोवंश को तेज रफ्तार व अनियंत्रित कोयले के डंपर ने कुचल दिया। हादसे में 10 गोवंश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल पशुओं को घोड़ाडोंगरी और सारणी गौशाला भेजा गया।

सूचना मिलते ही सारणी थाना पुलिस, एसडीओपी और टीआई मौके पर पहुंचे। नगर पालिका के वाहन व ट्रैक्टर-ट्रॉली से मृत गोवंश को अंतिम संस्कार के लिए भेजा गया।

व्यापारियों और नगरवासियों का फूटा आक्रोश
घटना की जानकारी लगते ही बड़ी संख्या में व्यापारी, गौसेवक और क्षेत्रवासी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने प्रशासन और नगर पालिका की जमकर विरोध करते हुए कहा कि प्रतिदिन गोवंश सड़क पर बैठे रहते हैं, लेकिन नगर पालिका के कर्मचारियों की लापरवाही से हादसे टल नहीं रहे।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि सुबह एक बार सड़क से गोवंश हटाने के बाद पालिका कर्मचारी पूरे दिन और रात गायब रहते हैं। इस लापरवाही के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी कि यदि नगर पालिका और प्रशासन ने सड़क पर बैठे गोवंश को हटाने और उनकी सुरक्षा की ठोस व्यवस्था नहीं की, तो आंदोलन किया जाएगा। यह हादसा प्रशासन की लापरवाही का नतीजा है या सिस्टम की नाकामी – यह सवाल अब क्षेत्र में गूंज रहा है।




