Betul News: बैतूल को मिलेगी एयर कनेक्टिविटी, शीघ्र बनेगी हवाई पट्टी
Betul News: Betul will get air connectivity, airstrip will be built soon

आने वाले दिनों में जिले के लोग आसमान में आए दिन देखेंगे हवाई जहाज को उड़ते हुए
Betul News: बैतूल। प्रदेश सरकार अब मध्य प्रदेश के जिलों को आपस में जोड़ने के लिए एयर कनेक्टिविटी पर जोर दे रही है। इसका उद्देश्य यह है कि छोटे शहरों और जिलों में रहने वाले लोगों को भी हवाई यात्रा का लाभ मिल सके। इसी कड़ी में अब बैतूल जिला भी एयर कनेक्टिविटी से जुड़ने जा रहा है। यहां पर छोटे विमानों के लिए हवाई पट्टी का निर्माण किया जाएगा। प्रदेश सरकार ने इस दिशा में तेजी से काम शुरू कर दिया है। हाल ही में विमानन विभाग ने राज्य के 28 जिलों के कलेक्टरों से हवाई पट्टी निर्माण के संबंध में प्रस्ताव मांगे हैं। इसमें बैतूल का नाम भी शामिल है। विभाग ने निर्देश दिया है कि जिले में हवाई पट्टी निर्माण के लिए उपयुक्त स्थान का चयन कर प्रस्ताव जल्द भेजा जाए।
जमीन का चयन और शर्तें
विमानन विभाग ने स्पष्ट किया है कि हवाई पट्टी के लिए शासकीय जमीन को प्राथमिकता दी जाएगी। यदि उपयुक्त सरकारी जमीन उपलब्ध नहीं होती है तो अन्य विकल्पों पर विचार किया जाएगा। विभाग ने हवाई पट्टी के लिए जो मानक तय किए हैं, उसके अनुसार हवाई पट्टी का कुल एरिया 2000 वर्गमीटर से कम नहीं होना चाहिए हवाई पट्टी के चारों ओर बाउंड्रीवॉल होना जरूरी है ताकि सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। हर जिले में हवाई पट्टी 100 किलोमीटर के दायरे में होनी चाहिए ताकि आपातकालीन स्थिति में इसका उपयोग आसानी से किया जा सके।
बैतूल को होगा फायदा
बैतूल जिला भौगोलिक और व्यावसायिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है। यहां बड़ी संख्या में लोग रोजगार और शिक्षा के लिए भोपाल, नागपुर और इंदौर जैसे शहरों की ओर जाते हैं। ऐसे में बैतूल में हवाई पट्टी बनने से जिले के लोगों को तेज और सुरक्षित यात्रा का विकल्प मिलेगा। साथ ही पर्यटन और व्यापार को भी नई दिशा मिलेगी। प्रदेश सरकार की इस योजना से जहां बैतूल जिले को आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी, वहीं स्थानीय स्तर पर विकास और निवेश के नए अवसर भी पैदा होंगे। अब देखने वाली बात यह होगी कि जिले में हवाई पट्टी निर्माण के लिए किस स्थान का चयन किया जाता है और कार्य कब से शुरू होता है।
एयर एम्बुलेंस सेवा से पहले से जुड़ा है जिला
एयर एंबुलेंस सेवा से बैतूल पूर्व ही जुड़ा हुआ है। एयर एंबुलेंस की सहायता गंभीर मरीजों को उपचार के लिए भोपाल भेजा जाता है ताकि बेहतर उपचार मिल सके। एयर एंबुलेंस की सहायता से दो बार जिला अस्पताल से गंभीर मरीजों को एयरलिफ्ट किया है। अब जिले में हवाई पट्टी बनाकर एयर कनेक्टिविटी को बढ़ाने की कवायद की जा रही है।
इनका कहना….
हवाई पट्टी निर्माण को लेकर अभी तक हमारे पास कोई पत्र नही आया है। पत्र आने पर कर्रवाई करेंगे।
नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, कलेक्टर बैतूल




