Betul Mandi News: मंडी शेड पर व्यापारियों का कब्जा बरकरार, प्रशासन बेखबर
Betul Mandi News: Traders continue to occupy the Mandi shed, administration unaware

कई बार चेतावनी के बावजूद नहीं हटे बोरे, किसानों को हो रही परेशानी
Betul Mandi News: बैतूल। कृषि उपज मंडी की अव्यवस्थाएं लगातार बनी हुई हैं। मंडी शेड में व्यापारियों द्वारा कब्जा जमाए जाने की समस्या अब तक दूर नहीं हो सकी है। किसानों को अपनी उपज रखने के लिए रोजाना संघर्ष करना पड़ता है, जबकि अधिकारियों द्वारा कई बार चेतावनी और निर्देश दिए जा चुके हैं।
कलेक्टर व अन्य जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा निरीक्षण के दौरान शेड से बोरे हटाने को लेकर अल्टीमेटम दिया गया था। बावजूद इसके व्यापारी खरीदी के बाद अपनी उपज के बोरे शेड के भीतर ही लंबे समय तक रखे रहते हैं। इससे किसानों को शेड के भीतर उपज डालने की जगह नहीं मिलती, और उन्हें मजबूरी में शेड के बाहर ही अनाज डालना पड़ता है।
बारिश और तेज धूप में किसानों की उपज खराब होने का खतरा बना रहता है। वर्तमान में मंडी में आवक कम है, इसलिए फिलहाल शेड के बाहर उपज नहीं डाली जा रही, लेकिन शेड के भीतर व्यापारियों ने अभी भी कब्जा कर रखा है। नियमों के मुताबिक खरीदी के दूसरे दिन तक बोरे हटाए जाने चाहिए, मगर हकीकत यह है कि एक-एक सप्ताह तक बोरे शेड में ही पड़े रहते हैं।
व्यवस्था बेपटरी, सचिव बेखबर
इस समस्या को लेकर मंडी प्रशासन पूरी तरह निष्क्रिय नजर आ रहा है। व्यापारियों के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे उनका मनोबल और बढ़ता जा रहा है। किसान वर्ग प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग कर रहा है ताकि मंडी व्यवस्था पटरी पर लौट सके। आने वाले 1-2 महीनों बाद फिर आवक बढ़ेंगी, जब भी आवक बढ़ती किसानों को शेड के भीतर उपज डालने के लिए जगह नहीं मिलती है, वहीं पूरा मंडी परिसर कम पड़ जाता है। मंडी की अव्यवस्थाओं के संबंध में मंडी सचिव दिनेश लोखंडे से उनके मोबाईल नम्बर 8839512402 पर संपर्क किया, लेकिन उनके द्वारा कॉल रिसीव नहीं किया गया।




