Betul News : हेमंत के दो टूक: समर्पित कार्यकर्ताओं को मिलेगा सम्मान, दाएं-बाएं करने वालों को होगी दिक्कत
Betul News: Hemant's blunt words: Dedicated workers will get respect, those who do right and left will face problems

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी ने सौंपा भाजपा का झंडा, निर्वाचन का प्रमाण पत्र भी मिला।
Betul News : भोपाल/बैतूल। बैतूल से विधायक हेमंत खंडेलवाल को मध्यप्रदेश भाजपा का निर्विरोध चुन लिया गया। बुधवार को चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित निर्वाचन समारोह में उन्हें प्रमाण पत्र दिया और फूल माला पहनाकर स्वागत किया। खंडेलवाल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि हम सबकी जिम्मेदारी है कि हम जनता की भावना के अनुरूप आचरण रखें। जो कार्यकर्ता समर्पित है, उसका सम्मान होगा। जो दाएं-बाएं करेगा उसे दिक्कत आएगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने कहा कि हमारी पार्टी में अनुशासन है। इतने बड़े-बड़े चुनाव हो जाते हैं और सभी प्रमुख लोग एक ही नामांकन भरते हैं। मैं कांग्रेस को चुनौती देता हूं। जैसा चुनाव हमारे प्रदेश का होता है, आप वार्ड का भी करवा दो तो हम सम्मान कर देंगे। इस दौरान सीएम डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, नरेंद्र सिंह तोमर, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला, जगदीश देवड़ा, कैलाश विजयवर्गीय और नरोत्तम मिश्रा सहित तमाम दिग्गज मौजूद रहे।

खंडेलवाल ने किसके लिए क्या कहा…
पूर्व अध्यक्षों के लिए… जनसंघ के पहले बद्रीलाल दवे से लेकरआखिरी अध्यक्ष कुशाभाऊ ठाकरे और उसके बाद वीडी शर्मा तक सभी ने पार्टी को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। मेरे पिता भी किसी की प्रेरणा से चलते थे तो वो कुशाभाऊ ठाकरे थे। हमें नहीं भूलना चाहिए कि अटल जी और राज माता सिंधिया भी इसी पार्टी की थी।
पीएम मोदी के लिए… हम वो सौभाग्यशाली पीढी हैं, जिसका नेतृत्व नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। भारत पूरी दुनिया की सबसे बड़ी शक्ति बनने जा रहा है। आज हम भारत विश्व गुरु बनने की दिशा में आगे हैं तो नरेंद्र मोदी जी के कारण हैं। भाजपा कार्यकर्ता के नाते कोई अगली पीढ़ी आएगी तो आपका सम्मान करेगी तो इसलिए करेगी कि आपके नेतृत्व में नरेंद्र मोदी जैसे नेता को चुना गया।
वीडी शर्मा के लिए… वीडी भाई ने पार्टी को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। मैं कार्यकर्ताओं से कहना चाहता हूं कि वीडी भाई ने जो इबारत लिखी है, उसे आगे ले जाने का काम करेंगे। हम सब कार्यकर्ता मिलकर काम करेंगे।
शिवराज के लिए… 1977 में हमारी सरकार बनी थी। चाहे सकलेचा जी हों, चाहे पटवा जी हों और उसके बाद उमा जी हो… एक मिथक था कि हम पांच साल पूरे नहीं कर सकते। सत्ता में आते हैं, लेकिन बीच में चले जाते हैं। शिवराज जी को धन्यवाद जिन्होंने ये मिथक तोड़ा। शिवराज ऐसी कल्याणकारी योजना लाए ताकि भाजपा लगातार चुनाव जीत सके।
सीएम डॉ. मोहन के लिए… हमारे मुखिया मोहन यादव नई पीढ़ी और नई परिभाषा लिख रहे हैं। उद्योग, रोजगार और ये प्रदेश कैसे उन्नति के रास्ते पर जाए, इसे लेकर मोहन यादव जो काम कर रहे हैं, उसके लेकर हमें जनता के बीच जाना है। हम आपके हर विकास कार्य को नीचे उतारने का काम करेंगे।
कार्यकर्ताओं के लिए… आपके सम्मान में थोड़ी सी भी कमी नहीं होगी। हर कार्यकर्ता को उनकी क्षमता के अनुसार काम मिलेगा। जिसमें लगन है उसका उपयोग भाजपा करेगी। समाज भाजपा से अच्छे आचरण की उम्मीद करता है। हम सबकी जिम्मेदारी है कि हम जनता की भावना के अनुरूप आचरण रखें। जो अच्छा काम करेगा उसका सम्मान होगा। जो दाए-बांए करेगा उसे दिक्कत आएगी।
स्वयं के लिए… मुझ में कोई विशेष योग्यता नहीं है। सामान्य कार्यकर्ता हूं। ये पार्टी है जो कार्यकर्ता को क्षमता के अनुसार पद पर बैठा देती है। मैं 10-11 साल लगातार कोषाध्यक्ष रहे। पहले लोग मुझे एक ही बात करते थे कि पैसा कहां से आएगा और कहां जाएगा। अभी मैं कोषाध्यक्ष नहीं हूं, लेकिन मुझसे आज ये पूछा जाता है।
अपने परिवार के लिए… मेरा परिवार पिछले 100 साल से कांग्रेस के विरुद्ध अपना झंडा बुलंद करता रहा। 1930 में मेरे ग्रांड फादर ने कांग्रेस को हराया और नगर पालिका अध्यक्ष बने। मेरे पिता संस्थापक सदस्य भाजपा के पहले निर्वाचित जिलाध्यक्ष बैतूल से रहे। 4 बार लगातार सांसद रहे।
कांग्रेस के लिए… हमारी पार्टी में अनुशासन है। अभी मुख्यमंत्री जी कह रहे थे कह हमारे यहां बड़े-बड़े चुनाव ऐसे हो जाते हैं और सभी प्रमुख लोग एक ही नामांकन भरते हैं। इस पर मैं कांग्रेस को चुनौती देता हूं कि जैसा चुनाव हमारे प्रदेश का होता है, आप वार्ड का भी करवा दो तो हम सम्मान कर देंगे। हमारी पार्टी में अनुशासन सबसे बड़ा होता है। हम सब मिलकर काम करते हैं

जिले से सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता भोपाल पहुंचे
जिले के लोकप्रिय और सर्वमान्य नेता हेमंत खंडेलवाल को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनाए जाने पर पूरे जिले में जश्न का माहौल है। मंगलवार को उनके नाम की औपचारिक घोषणा के बाद कार्यकर्ता बड़ी संख्या में भोपाल पहुंचना शुरू हो गए थे। बुधवार उन्हें निर्वाचन का प्रमाण पत्र सौंपना था, इसके लिए भी पूरे जिले से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भोपाल पहुंचे। उनके निज आवास पर सुबह से ही कार्यकर्ताओं द्वारा बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया। दोपहर बाद भी यह क्रम जारी था। अपने लोकप्रिय नेता को बधाई देने के लिए बुधवार दोपहर बाद भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भोपाल रवाना हुए है। जिले की भाजपा में खंडेलवाल की नियुक्ति के बाद नए जोश का संचार हुआ है। यही वजह है कि प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद संभवत: 5 जुलाई को वे बैतूल पहुंचेंगे। इस दौरान उनका ऐतिहासिक स्वागत की तैयारी भी शुरू हो गई है।




