Betul News: अब 18 करोड़ की लागत से बनेगा गंज मंडी कांप्लेक्स
Betul News: Now Ganj Mandi Complex will be built at a cost of 18 crores

नपा ने दोबारा टेंडर निकाले, नए ठेकेदार को एक वर्ष में पूरा करना पड़ेगा काम
Betul News: बैतूल। देर आए दुरुस्त आए की तर्ज पर आखिर नपा ने गंज के मल्टी कांप्लेक्स के लिए दोबारा टेंडर निकाल दिए हैं। करीब 8 वर्ष पहले नपा कांप्लेक्स का निर्माण शुरू हुआ था, लेकिन कई अड़ंगे आने के कारण अब तक काम पूरा नहीं हो पाया है। व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों की नाराजगी के बाद नपा ने अधूरे कांप्लेक्स को पूरा करने के लिए दूसरी बार टेंडर निकाल दिया है। लगभग 18 करोड़ की लागत से मंडी कांप्लेक्स का काम पूरा होगा। चार दिन बाद 27 जून को इसके लिए टेंडर खोले जाएंगे।
नगरपालिका ने व्यापारियों की सुविधा को देखते हुए करीब आठ वर्ष पहले गंज मंडी में मल्टी कांप्लेक्स बनाने की शुरुआत की थी। उस समय इस कांप्लेक्स की लगात 10 करोड़ 40 लाख थी। ठेकेदार ने काम शुरू किया तो एक के बाद एक अडंगे लगना शुरू हो गए। सबसे बड़ी बात यह थी कि वर्ष 2018 में कांग्रेस की सरकार बनी तो बैतूल से विधायक निलय डागा ने कांप्लेक्स निर्माण में परिवर्तन करवाया।
व्यापारियों की मांग पर दुकानें बढ़ाने के बाद नपा को ड्राइंग डिजाइन को बदलना पड़ा। डेढ़ वर्ष बाद कमलनाथ सरकार अल्पमत में आई और भाजपा को सत्ता मिली तो एक बार फिर इस कांप्लेक्स में बदलाव की बयार दिखाई दी। मामला लगातार लंबा खींचता गया और नियत 2 वर्ष में बनने वाला कांप्लेक्स निर्माण 8 वर्षों में भी पूरा नहीं हो पाया है।
27 जून को होगा टेंडर का फैसला
नपा ने इस अधूरे कांप्लेक्स को फिर से पूरा करने के लिए एक माह पहले टेंडर लगाए हैं। बताया जा रहा है कि 27 जून को कांप्लेक्स के लिए टेंडर होंगे। इसी दिन स्थिति स्पष्ट हो जाएगी कि मल्टी कांप्लेक्स का निर्माण कौन करेगा। हालांकि 18 करोड़ की लागत से गंज मंडी कांप्लेक्स का निर्माण नए ठेकेदार को करना होगा। हालांकि नपा को इन आठ वर्षों में 10 करोड़ 40 लाख की बजाए लगभग 7 करोड़ 60 लाख रुपए निर्माण में अधिक खर्च करना पड़ रहा है। दरअसल जीएसटी बढ़ाने के कारण कांप्लेक्स निर्माण की लागत लगातार बढ़ते जा रही है। इसी वजह नपा और शासन को इस कांप्लेक्स निर्माण में बड़ा फटका बैठेगा
दुकानें कम करने की तैयारी
सूत्र बताते हैं कि लगभग 300 दुकानें इस कांप्लेक्स में बनना तय हुआ है, लेकिन राजनैतिक अड़ंगे के कारण दुकानें बेतरतीब बना दी गई है। मंदिर के पास भी कुछ दुकानें बनने से आने वाले समय में परेशानी आ सकती है, इसीलिए 300 मेें लगभग 30 दुकानें कम करने की तैयारी नपा कर रही है। हालांकि दुकानें कम होने के बावजूद जिन व्यापारियों ने राशि जमा की है, उन्हें शत प्रतिशत दुकानें देने का लक्ष्य भी रखा गया है।
व्यापारी ठगे, अस्थाई दुकान लगाकर कर रहे गुजारा
मल्टी कांप्लेक्स के पहले नपा के आधिपत्य वाले पुराने कांप्लेक्स में सैकड़ों व्यापारी छोटी दुकानें लगाकर अपने दोजून की रोटी चला रहे थे, लेकिन नपा ने यहां पर मल्टी कांप्लेक्स बनाने के नाम पर इन्हें हटा दिया। दो वर्षों में मल्टी कांप्लेक्स निर्माण कर दावा तथाकथित राजनैतिक भेंट चढ़ गया। नतीजा यह हुआ कि आठ वर्ष बाद भी दुकानदार अपने आप को ठगा महसूस कर रहे हैं। कुछ ने तो मंडी के पास मिली जगह में अस्थाई दुकानें लगा ली, लेकिन कई ऐसे हैं जो बमुश्किल इधर उधर व्यवसाय कर अपने परिवार का पालन पोषण कर रहे हैं। कई बार ज्ञापन देने और प्रदर्शन करने के बावजूद उनकी समस्या का निदान नहीं किया गया, लेकिन अब नपा द्वारा टेंडर निकालने से उनकी उम्मीदों को पंख लग गए।
इनका कहना…
एक माह पहले गंज के बहुमंजिला कांप्लेक्स के लिए 18 करोड़ का टेंंडर आमंत्रित किया है। 27 जून को इसे खोला जाएगा। टेंडर लेने वाले ठेकेदार को एक वर्ष में इसे पूरा करना पड़ेगा।
नगेंद्र वागद्रे, उपयंत्री, नपा बैतूल




