Betul News : जेईई और नीट में इतिहास रचने को तैयार 210 निर्धन छात्र छात्राएं
Betul News: 210 poor students ready to create history in JEE and NEET

जिला प्रशासन के सहयोग से 32 शिक्षक दे रहे अपनी सेवाएं
Betul News :(बैतूल)। तरक्की के नए आयाम छू लेने के सपने पालने वाले निर्धन विद्यार्थी अक्सर आर्थिक अभाव के चलते अपने सपनों को साकार करने में सफल इसलिए नहीं हो पाते हैं कि वे महंगे कोचिंग सेंटरों की फीस जमा करने में असमर्थ होते हैं। ऐसे में इन विद्यार्थियों के सपने धूमिल होते देर नहीं लगती, लेकिन प्रदेश में बैतूल जिला एक ऐसा जिला बन चुका है, जहां कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी के मार्गदर्शन और जिला शिक्षा अधिकारी अनिल कुशवाह के मार्गदर्शन में निर्धन बच्चों के सपनों को साकार किए जाने के युद्ध स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। शहर के बीच स्थित कन्या शाला गंज में बैतूल ब्लाक में रहने।वाले लगभग 210 छात्र छात्राओं को नि:शुल्क जेईई और नीट की कोचिंग दी जा रही है। कोचिंग में पढ़ने वाले बच्चों तरक्की की राह पर ले जाने के लिए विभिन्न सरकारी स्कूलों में पढ़ाने वाले लगभग 32 टीचर स्कूल के साथ कोचिंग दिए जाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं, ताकि आर्थिक अभाव से जूझ रहे यह बच्चे आसमान की ऊंचाइयों को छू सकें।
डॉक्टर बनने की चाहत लेकिन कोचिंग के लिए पैसा नहीं,संजीवनी से कम नहीं कोचिंग
कोचिंग में अध्ययन रत छात्रा रेशमा सूर्यवंशी बताती हैं कि हमेशा उनकी इच्छा रही है कि वे डॉक्टर बने, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वे जेईई, नीट की महंगी कोचिंग हासिल कर सकी। ऐसे में शिक्षा विभाग का यह प्रयास हमारे लिए संजीवनी की तरह है। कोचिंग में पढ़ाने वाले टीचर हमारी प्रत्येक जिज्ञासाओं को समझकर हमे पढ़ा रहे हैं। प्रत्येक विषय के टेस्ट लेने के साथ-साथ उत्साह वर्धन भी किया जाता है। हमे यकीन है कि हम अपने उद्देश्य में जरूर सफल होंगे।
60 दिन की कोचिंग में पारंगत हो रहे बच्चे (Betul News)
नि:शुल्क कोचिंग को लेकर प्रभारी नीलेश्वर कालभोर ने बताया कि पिछले वर्ष यह कोचिंग उत्कृष्ट स्कूल में संचालित की गई थी। इस दौरान कोचिंग में पढ़ने वाले छात्र छात्राओं को आवास सुविधा भी प्रदान की गई थी। कोचिंग के बाद जेईई में 24 और नीट में लगभग 26 बच्चे क्वालिफाइड हुए थे। इनमे से एक छात्रा आज जबलपुर मेडिकल कालेज से एमबीबीएस कर रही है तो 9 विद्यार्थियों का दंत चिकित्सा में चयन हुआ है। इसी तरह वर्ष 2024 के लिए 1 मार्च से 30 अप्रेल तक पुन: जेईई और नीट की कोचिंग शुरू की गई है। जेईई में 48 तो नीट में 162 बच्चों को नि:शुल्क कोचिंग दी जा रही है।
सपनो को साकार करने 40 से 50 शिक्षक कर रहे कड़ी मेहनत
जेईई और नीट की कोचिंग में विशेष सहयोग प्रदान कर रहे शिक्षक घनश्याम वरवड़े बताते हैं कि कोचिंग में बैतूल ब्लाक के छात्र छात्राएं आते हैं।विभिन्न स्कूलों में पदस्थ फिजिक्स, केमेस्ट्री, बायोलॉजी, और मेथ्स के लगभग 40 से 50 टीचर इन बच्चों के सपनो को साकार करने के भरसक प्रयास कर रहे हैं। यह टीचर सबसे पहले अपने टॉपिक का गहन अध्ययन कर लगभग 40 प्रश्न तैयार कर बच्चों को कोचिंग प्रदान कर रहे हैं। बच्चों के टेस्ट के दौरान यदि बच्चों को दिक्कत होती है तो टीचर उन बच्चों की जिज्ञासाओं का तत्काल समाधान भी कर रहे हैं।जिस तरह से टीचर मेहनत कर रहे हैं उतनी ही मेहनत कोचिंग में आने वाला प्रत्येक विद्यार्थी भी कर रहा है। हमें यकीन है की हमारी मेहनत रंग लाएगी और हमारे बच्चे भविष्य में एक निश्चित मुकाम भी हासिल कर पाएंगे।





