Betul Samachar: ठेकेदार को 20 लाख का भुगतान, काम शुरू होने का रास्ता साफ
Betul Samachar: 20 lakhs paid to the contractor, way cleared for work to begin

नाली बनने से सड़क के काम में रूकावट, बारिश शुरू हुई तो बढ़ेगी मुसीबत
Betul Samachar: बैतूल। बसस्टैंड से लल्ली चौक तक दूसरे चरण में बनने वाली सड़क का काम अभी भी लटका हुआ है। दरअसल ठेकेदार ने 70 प्रतिशत काम होने का दावा किया था, इस आधार पर 20 लाख रुपए और भुगतान मांगा, लेकिन भुगतान न होने के बाद काम बीच में रोक दिया। इससे इस प्रमुख मार्ग पर हालात बिगड़ गए। ठेकेदार को भुगतान न होने को लेकर 6 जून को सांझवीर टाईम्स ने प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया तो आनन फानन में नपा ने 20 लाख रुपए का भुगतान कर दिया। इसके बाद रूका हुआ काम शुरू होने की संभावना है, लेकिन वर्तमान में नाली बनाने वाले ठेकेदार ने मटेरियल सड़क तक फैला दिया। इस वजह काम में लेटलतीफी हो सकती है।
विधायक हेमंत खंडेलवाल की प्राथमिकता वाली सड़क में काफी रोड़े अटक रहे हैं। पहले मुल्ला पेट्रोल पंप से बस स्टैंड तक की सड़क में नपा और ठेकेदार के बीच जमकर मतभेद उजागर हुए। जब मामला बढ़ा तो पिछले वर्ष ठेकेदार ने बारिश के पहले सड़क का काम शुरू किया। इसमें पानी जमने की संभावना पर जमकर बवाल मचा। नपा ने पूरा ठीकरा ठेकेदार पर फोड़ा तो ठेकेदार ने सड़क की दोनों ओर नाली न होने पर नपा की जिम्मेदारी बता दी। इस दौरान पूरा एक वर्ष निकल गया और नपा मुल्ला पेट्रोल पंप से लल्ली चौक तक नाली निर्माण कर रही है। हालांकि इस बीच पिछले माह बसस्टैंड से लल्ली चौक तक पोल शिफ्टिंग का काम पूरा होने के बाद ठेकेदार को नपा ने काम तेजी से पूरे करने के निर्देश दिए। नपा ने रोड क्लियर की तो ठेकेदार ने लल्ली चौक तक एक लेन सड़क का काम पूरा कर दिया, लेकिन आजू-बाजू का काम अभी भी बचा है।
भुगतान न होने पर फिर विवाद की स्थिति
ठेकेदार को कुल 1.66 करोड़ के इस प्रोजेक्ट पर पहले 50 लाख का भुगतान नपा ने किया था, लेकिन बसस्टैंड से लल्ली चौक तक 70 प्रतिशत काम पूरा करने के बाद भुगतान न होने से ठेकेदार ने फिर काम बंद कर दिया। ठेकेदार ने नपा से बीस लाख रुपए मांगे थे। हालांकि राशि ज्यादा होने पर नपा ने भुगतान नहीं किया। बताया जाता है कि काम अधूरा होने पर लोगों की नाराजगी सामने आई। इसके बाद विधायक भी नाराज हुए। सांझवीर टाईम्स ने 6 जून को भुगतान के अभाव में काम बंद होने की खबर प्रकाशित की तो आनन फानन में ठेकेदार को बीस लाख का भुगतान कर दिया गया है। इसके बाद आगे की सड़क की बनने का रास्ता साफ हो गया है।
नाली के काम में तेजी, मटेरियल सड़क पर
आगे पाट पीछे सपाट की तर्ज पर नपा ने सड़क निर्माण का निर्णय ले लिया, लेकिन दोनों ओर नाली न होने से अपनी गलती का एहसास हुआ तो कुछ माह पहले टेंडर निकालकर नाली निर्माण की पहल की। अब तक एमजी कांप्लेक्स के सामने तक नाली निर्माण हो चुका है। हालांकि निर्माण के लिए कई जगह मटेरियल सड़क पर आने से सड़क का शेष काम अभी पूरा होना संभव नहीं दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि जब नाली का निर्माण पूरा हो जाएगा, तब रोड बनाने वाला ठेकेदार काम शुरू करेगा। यदि इस बीच बारिश हो गई तो सड़क की गुणवत्ता फिर सवाल खड़े होना लाजिमी है।
इनका कहना….
ठेकेदार को 20 लाख का भुगतान कर काम शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए हैं। नाली के कारण काम में थोड़ी रूकावट आ रही है, इसलिए संबंधित ठेकेदार को भी निर्देश दिए हैं।
सतीष मटसेनिया, सीएमओ नपा बैतूल




