Betul Collector News : सीएम के संज्ञान में लाया जाएगा कलेक्टर के ट्विटर हैंडल का चर्चित मामला
Betul Collector News: The issue of Collector's Twitter handle will come to the notice of CM

किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बोले – मामला संगीन
Betul Collector News : (बैतूल)। बैतूल कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस के ट्विटर हैंडल से सरकार विरोधी ट्वीट के रीट्विट करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। जन आशीर्वाद यात्रा में पधारे राष्ट्रीय किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के सामने जब पत्रकारों ने इस मामले की जानकारी उन्हें दी, जिसके बाद कुछ पल के किए पत्रकारवार्ता में शामिल भाजपा नेता भी सकते में आ गए। कुछ नेताओं ने तो तत्काल अपने अपने मोबाइल फोन सर्च कर इस ट्वीट को खंगालना भी शुरू कर दिया था। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने पत्रकारों से कहा कि यह मामल गम्भीर है, इसेे मुख्यमंत्री के संज्ञान में जरूर लाया जाएगा।
इधर इस घटना के बाद प्रशासनिक गलियारे में भी जमकर हड़कम्प मचा हुआ है। अपर कलेक्टर की शिकायत पर प्रकरण की जांच भी शुरू कर दी गई है। मामला सायबर सेल को सौंपा गया है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि आखिर ट्विट को लेकर वास्तविकता क्या है। साथ यह भी स्पष्ट हो जाएगा कि कहीं सरकार विरोधी इस रीट्विट के पीछे कलेक्टर को बदनाम करने की साजिश तो नहीं कि जा रही थी, लेकिन अब गेंद पुलिस के पाले में चली गई है।
प्रकरण सुनते ही सन्न रह गए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (Betul Collector News)
दरअसल भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाने के लिए जन आशीर्वाद यात्रा बैतूल पहुंची है। यात्रा के दूसरे दिन किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं जन आशीर्वाद यात्रा प्रभारी बंशीलाल गुर्जर भी बैतूल में ही थे। मंगलवार सुबह होटल रामकृष्ण में आयोजित पत्रकारवार्ता में पत्रकारों ने जब उन्हें इस मामले से अवगत कराया तो सभी नेता सन्न रह गए, क्योंकि यह मामला सीधे तौर पर जिले के कलेक्टर एवं प्रदेश के चीफ सेकेट्री इकबाल सिंह बैंस के बेटे से जुड़ा हुआ था, जो मुख्यमंत्री के खासमखास माने जाते हैं।
सरकार विरोधी इस ट्वीट को लेकर श्री गुर्जर ने कहा है कि इस पूरे मामले को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह तक पहुंचाया जाएगा, क्योंकि मामला संगीन है। जिसने भी यह कृत्य किया है वो अपराध की श्रेणी में आता है। जो भी दोषी होगा उसे बक्शा नहीं जाएगा। इस दौरान पत्रकारवार्ता में यात्रा सह प्रभारी तेज बहादुर सिंह चौहान, विजय अटवाल, प्रदेश मीडिया प्रभारी सचिन सक्सेना, पूर्व सांसद हेमंत खंडेलवाल, भाजपा जिला अध्य्क्ष आदित्य बबला शुक्ला, यात्रा टोली प्रभारी पूर्व विधायक अलकेश आर्य, जिपं उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे, मीडिया प्रभारी सूर्यदीप त्रिवेदी मौजूद थे।
कार्यवाही के लिए प्रस्ताव जनसंपर्क कार्यालय भोपाल रवाना
इस पूरे मामले के सामने आने के बाद बैतूल से लेकर राजधानी भोपाल तक प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हड़कम्प मचा हुआ है। प्रकरण को लेकर जब कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस से चर्चा की गई तो उन्होंने कहा कि मामला संज्ञान में आने के बाद तत्काल एफआईआर करा दी सायबर सेल ने जांच शुरू कर दी है।
इसकी जांच और कार्यवाही को लेकर प्रस्ताव जन सम्पर्क कार्यालय भोपाल भी भेज दिया गया है। कलेक्टर द्वारा दी गयी इस जानकारी के बाद अब जनसंपर्क कार्यालय भोपाल के अधिकारियों के भी सक्रिय होने की संभावना है। लिहाजा जो भी इसके लिए जिम्मेदार है उनके खिलाफ बड़ी कार्यवाहीं होने से भी अब इंकार नहीं किया जा सकता है।
66 आई टी एक्ट में प्रकरण दर्ज (Betul Collector News)
इधर मामला सामने आने के बाद अधिकारी भी ज्यादा जानकारी देने से बच रहे हैं। गंज थाना प्रभारी देवकरणसिंह डेहरिया से जब सवाल किए गए तो उन्होंने ज्यादा जानकारी देने से साफ इंकार कर दिया, लेकिन इतना जरूर बताया कि शिकायत के आधार पर प्रकरण धारा 66 आईटी एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच सायबर सेल को सौंपी गई है। जांच में जो भी तथ्य और सबूत सामने आएंगे उसके हिसाब से ही कार्यवाही तय की जाएगी।
कहीं साजिश का शिकार तो नहीं हो रहे कलेक्टर?
इस पूरे प्रकरण में यह संभावना प्रतीत हो रही है कि कहीं ना कहीं कलेक्टर अमनबीर सिंह साजिश का शिकार भी हो सकते हैं, क्योंकि कलेक्टर का ट्विटर हैंडल सीधे तौर पर जन सम्पर्क कार्यालय बैतूल से संचालित हो रहा था। इसका आईडी पासवर्ड भी जनसम्पर्क अधिकारी ऑपरेट कर रहे थे।
कुछ आईटी एक्सपर्ट का यह भी मानना है कि जिस तरह यह प्रकरण सामने आया है, उससे इस तरह की संभावना नजर नहीं आ रही कि ट्विटर अकाउंट के साथ कोई हैकिंग जैसी हरकत की गई हो पर इस बात की संभावना ज्यादा नजर आ रही है जो भी हुआ उसमें किसी कार्यलयीन कर्मचारी ही शामिल हो सकता है। खास बात यह है कि यह पूरा मामला ट्वीट का नहीं बल्कि रीट्विट का है। जिससे इस संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता की कहीं ना कहीं कलेक्टर को बदनाम किये जाने की साजिश भी रची गई हो।
इनका कहना….
प्रकरण सामने आने के बाद एफआईआर कराई गई है, सायबर सेल जांच कर रही है, कार्यवाही के लिए प्रस्ताव जन सम्पर्क कार्यालय भोपाल भेजा गया है।
अमनबीर सिंह बैंस, कलेक्टर बैतूल
शिकायत के आधार पर 66 आई टी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर सायबर सेल को सौंपा गया है। जो भी तथ्य-सबूत सामने आएंगे संबंधितों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।
देवकरण सिंह डेहरिया, टी आई थाना गंज




