Betul Samachar: नपा की मूत्रालय की जमीन पर तातेड़ का कब्जा बेदखल
Betul News: Tated's possession on the land of the urinal of the municipality evicted

न्यायालय ने खारिज किया मामला, नपा ने शुरू किया सुलभ कांप्लेक्स
Betul Samachar: बैतूल। नगरपालिका के आधिपत्य वाली बेशकीमती जमीन को अपना बनाकर विरोध करने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शांतिलाल तातेड़ को न्यायालय से करारा झटका लगा है। दरअसल उनके पुराने आवास के पास आम जनता की सुविधा के लिए नपा ने सुलभ कांप्लेक्स बनाने का प्रस्ताव रखा था, जिसका विरोध करते हुए कांग्रेस नेता तातेड़ ने जनता की सुविधाओं को दरकिनार करते हुए न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत किया। इसमें मांग की गई थी कि यह भूमि कई वर्षों से उनके अधिकार क्षेत्र में है, ऐसे में यहां पर मूत्रालय न बनाया जाए। मामले में नपा की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता जयदीप सिंह रूनवाल और राकेश बर्डे ने न्यायालय को बताया कि यह भूमि नजूल रिकार्ड में नपा के नाम से दर्ज है।
इस जमीन पर शांतिलाल तातेड़ परिवार द्वारा अवैध कब्जा किया हुआ है। अधिवक्ताओं ने बताया कि कोठीबाजार क्षेत्र जैसे पाश क्षेत्र में व्यापारियों की सुविधा के लिए सुलभ शौचालय बनाने की जरूरत है, लेकिन तातेड़ परिवार विरोध कर रहा है। न्यायालय ने दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद शांति लाल तातेड़ द्वारा प्रस्तुत प्रकरण को ना साबित मानते हुए प्रकरण को खारिज कर दिया। न्यायालय ने इसके बाद डिग्री जारी की। नपा के अधिवक्ता जयदीप सिंह ने बताया कि नपा द्वारा उक्त विवादित भूमि पर सुलभ कांप्लेक्स बनाया जा चुका है। इससे बाजार में आने वाले नागरिकों, व्यापारियों और महिलाओं को वास्तविक रूप से सुविधा मिली है।




