Betul Samachar: 80 किमी की खस्ताहाल सड़क पर मरम्मत नहीं टोल वसूली जारी
Betul News: No repairs on 80 km of dilapidated road, toll collection continues

शिकायतकर्ताओं पर शिकायत वापस लेने का बन रहा दबाव
Betul Samachar: बैतूल। वर्ष 2007-08 में बैतूल से परतवाड़ा के बीच बनाई गई उत्कृष्ट सड़क अब जर्जर हालत में पहुंच चुकी है। बावजूद इसके, मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम द्वारा इस मार्ग से गुजरने वाले वाहनों से रोज़ाना लाखों रुपए की टोल वसूली की जा रही है स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं और वाहनों में टूट-फूट हो रही है। इसके बावजूद निगम द्वारा मरम्मत के कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।
सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि जब नागरिकों ने सीएम हेल्पलाइन पर सड़क की खराब स्थिति को लेकर शिकायत दर्ज कराई, तो संबंधित अधिकारियों द्वारा शिकायत वापस लेने का दबाव डाला जा रहा है। इस अन्यायपूर्ण स्थिति से परेशान होकर अब ट्रांसपोर्टरों ने आर-पार की लड़ाई लड़ने की तैयारी शुरू कर दी है।

रोजाना हजारों वाहनों की महाराष्ट्र हो रही आवाजाही
ट्रांसपोर्टर अभिषेक जोशी ने बताया कि, वर्ष 2007-8 में बैतूल से परतवाड़ा तक बनाई गई यह सड़क जिले की सबसे पहली उत्कृष्ट सड़क मानी जाती थी। सड़क निर्माण हुए करीब 17 वर्ष बीत चुके हैं। सड़क से डामर उखड़ चुका है और बड़े बड़े गड्ढे हो चुके हैं । आए दिन वाहनों में टूट फुट के साथ साथ सड़क हादसे भी घटित हो रहे हैं। यह सड़क मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र को सीधे तौर पर जोड़ती है। व्यवसायिक दृष्टि से हजारों वाहनो का रोजाना आवागमन हो रहा है, लेकिन टोल वसूली के बावजूद न सड़क बनाई जा रही है और न ही इसकी मरम्मत पर ध्यान दिया जा रहा है, जिसके चलते ट्रांसपोर्टरों में आक्रोश व्याप्त है।
10 साल से हो रही टोल की वसूली मरम्मत के नाम पर दिखा रहे ठेंगा
नियम के मुताबिक टोल नाकों से होने वाली वसूली की रकम सड़क के रख रखाव में खर्च किये जाने का प्रावधान किया गया है, लेकिन अफसर इस नियम का पालन करने में कोताही बरत रहे हैं। ट्रांसपोर्टर अभिषेक जोशी का आरोप है कि 80 किमी के क्षेत्र में सड़क पूरी तरह गायब हो चुकी है। यहां वर्ष 2015 में कोथलकुंड के पास टोलनाका बनाया गया था। पिछले 10 सालों से टोल की वसूली लगातार की जा रही है। भारी वाहन मालिकों से आने जाने के लिए 1200 रुपए टोल की वसूली की जा रही है, लेकिन सड़क मरम्मत के नाम पर फूटी कौड़ी तक खर्च नहीं की जा सकी है।
जब इस गम्भीर समस्या को लेकर सीएम हेल्प लाइन पर शिकायतें की गई तो अफसर शिकायतें वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। कहा जा रहा है कि, शिकायतें वापस लेने के बाद मरम्मत का काम शुरू कर दिया जाएगा। ट्रांसपोर्टरों का कहना हैं कि सड़क विकास निगम यदि सड़क की मरम्मत करवा दे तो शिकायतें भी वापस ले ली जाएगी। मामला बिगड़ने के बाद अब अफसर जल्द से जल्द मरम्मत करवाने का भरोसा दे रहे हैं।
इनका कहना…..
सड़क मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। जानकारी देने के लिये हम अधिकृत नहीं है। ज्यादा जानकारी उच्च अधिकारी ही दे सकते हैं।
राजकुमार नागले, इंजीनियर, मप्र सड़क विकास निगम बैतूल




