Betul News : सारणी में स्क्रेप- कोयला चोरों की बल्ले-बल्ले
Betul News: Scrap in the table - Coal thieves are on the prowl

पुलिस पकड़कर थाने ला रही और बिना कार्रवाई के छोड़ रही, एसपी को शिकायत हुई तो हो रही जांच
Betul News : (बैतूल)। सारणी में एक बार फिर अवैध गतिविधियां पनपने लगी है। एसपी सिद्धार्थ चौधरी के सख्त हिदायत के बावजूद यहां खदानों से स्क्रेप चोरी की घटनाओं में इजाफ हो रहा है। पुलिस और सुरक्षाकर्मियों को धता बताकर स्क्रेप चोर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। कोयले के ट्रैक्टर भी क्षेत्र में अवैध गतिविधियां संचालित कर रहे हैं। पुलिस को मिल रही सूचनाओं पर टै्रक्टर तो जब्त हो जाते हैं, लेकिन इन्हें छोड़े जाने को लेकर सवाल खड़े हो गए। ऐसी ही एक शिकायत सारणी से एसपी सिद्धार्थ चौधरी के पास पहुंची है। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी को जांच की जिम्मेदारी दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी
जानकार सूत्र बताते हैं कि सारणी क्षेत्र में अवैध गतिविधियां संचालित होना एक बार फिर बढ़ गया है। पुलिस की आंखों में धूल झोंकर स्क्रेप चोर और कोयला तस्कर धड़ल्ले से अपने कामों में लगे हैं, लेकिन पुलिस इन्हें रोकने-टोकने में नाकाम साबित हो रही है। सूत्र बताते हैं कि सारणी क्षेत्र की खदानों में स्क्रेप चोरी की घटनाएं बढ़ी है। इन घटनाओं से पुलिस के साथ सुरक्षाकर्मियों की गश्ती पर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं। बदमाश आसानी से खदानों में घूसकर स्क्रेप निकाल रहे हैं।
सुरक्षाकर्मियों पर फायर कर जंगल के रास्ते भाग जा रहे हैं, लेकिन इन्हें पकड़ने में सफलता नहीं मिल पा रही है। पुलिस की रात्रि गश्त भी पूरे सारणी क्षेत्र में औपचारिक बनकर रह गई है। संवेदनशील क्षेत्र होने के बावजूद पूर्व में संयुक्त गश्ती का दावा भी स्क्रेप चोरी की बढ़ती घटनाओं के बाद झूठा साबित हो गया। पिछले दस दिनों में ही स्क्रेप चोरों ने दो बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया है।
पुलिस की सक्रियता पर उठ रहे सवाल
सारणी पुलिस पर इन दिनों सवाल उठ रहे हैं कि स्क्रेप चोरों के अलावा इन दिनों कोयला माफियाओं की गैंग भी सक्रिय हो चुकी है, लेकिन इन पर शिकंजा नहीं कसा जा सका है। सूत्रों के अनुसार पिछले दिनों सारणी पुलिस ने स्क्रेप से भरे 1-2 ट्रेक्टरों को जब्त भी किया, लेकिन थाने से छोड़ दिया गया। ताजुब की बात यह है कि जिन लोगों ने स्क्रेप से भरे ट्रेक्टर की सूचना पुलिस को दी थी, वे हैरान हो गए। पुलिस द्वारा स्क्रेप से भरे ट्रेक्टर छोड़े जाने की शिकायत आप के नेता अजय सोनी ने एसपी से की थी।
सूत्रों के अनुसार इस मामले में एसपी ने सारणी एसडीओपी को जांच अधिकारी भी बनाया है। खबर है कि कोयला तस्करों को भी पुलिस ने दबोचा था, लेकिन बिना कार्रवई के छोड़ दिया। इसकी भी शिकायत एसपी से की गई है। एसडीओपी की जांच रिपोर्ट के बाद तस्वीर साफ होगी कि वास्तविकता क्या है।
जुआ-सट्टा कारोबार फिर चरम पर
जानकार सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र में एक बार फिर जुआ और सट्टे का कारोबार चरम पर पहुंच गया है। पूर्व में सारणी क्षेत्र में सट्टे घर का भांडाफोड हुआ था। इसके बाद एक उपनिरीक्षक, बीट प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को नर्मदापुरम के आईजी ने निलंबित किया था। इसके बाद अवैध गतिविधियां काफी दिनों तक बंद रही, लेकिन शनै=शनै फिर जुआ सट्टे का कारोबार चरम पर पहुंच गया है। थाना क्षेत्र के आसपास बगडोना, पाथाखेड़ा से लेकर सारणी के सूनशान जगह पर जुएं की महफिल सज रही है तो सट्टे के कारोबारी बड़े पैमाने पर सक्रिय हो गए हैं। इसके बावजूद सारणी पुलिस के अधिकारी अवैध गतिविधियों संचालित न होने का झूठा डिंढोरा पीट रहे हैं। इस बात की सूचना भी एसपी तक पहुंचने की खबर है।
इनका कहना…
स्क्रैप चोरी का ट्रेक्टर छोड़े जाने की सूचना मिली थी। मामले में एसडीओपी सारणी को जांच सौंपी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई होगी।
सिद्धार्थ चौधरी, एसपी बैतूल




