Betul Lalli Chouk: लल्ली चौक की बदलेगी तस्वीर, अब सेंटर में शिफ्ट होगी रोटरी

चारों तरफ से नपाई कर निकाला सेंटर प्वाइंट, 10 दिन में कैमरे और रोटरी की शिफ्टिंग का लक्ष्य

Betul Lalli Chouk: बैतूल।। शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल लल्ली चौक पर आए दिन बिगड़ते यातायात को व्यवस्थित करने के लिए अब नगर पालिका ने पहल की है। चौराहे पर बेतरतीब तरीके से बनी रोटरी को हटाकर सेंटर प्वाइंट पर स्थापित किया जाएगा। इसके लिए नगर पालिका ने चारों तरफ से नपाई कराकर रोटरी की नई लोकेशन भी तय कर ली है। उम्मीद है कि इस बदलाव के बाद चौराहे से गुजरने वाले वाहनों को पर्याप्त और समान जगह मिल सकेगी।

लल्ली चौक पर यातायात का दबाव लगातार बना रहता है, लेकिन व्यवस्था संभालने के लिए यहां ट्रैफिक पुलिस की सक्रियता नजर नहीं आती। कई बार ड्यूटी पर कर्मचारी तैनात होने के बावजूद यातायात नियंत्रित करने के बजाय चौराहे के किनारे मोबाइल चलाते दिखाई देते हैं। ऐसे में वाहन चालकों को खुद ही रास्ता बनाकर निकलना पड़ता है। चौराहे की अव्यवस्थित रोटरी भी यातायात में बाधा का कारण बन रही है।

चार फीट खिसकेगी रोटरी, बराबर मिलेगी जगह

नगर पालिका सीएमओ नवनीत पांडेय ने बताया कि अव्यवस्थित यातायात को सुगम बनाने के उद्देश्य से रोटरी का स्थान बदला जा रहा है। वर्तमान में रोटरी की स्थिति ऐसी है कि कहीं वाहनों के गुजरने के लिए कम जगह है तो कहीं अपेक्षाकृत ज्यादा स्थान उपलब्ध है।

इस समस्या को दूर करने के लिए पूरे चौराहे की नपाई कर सेंटर प्वाइंट निर्धारित किया गया है। नई व्यवस्था में रोटरी को नगर पालिका की तरफ लगभग चार फीट खिसकाया जाएगा, जिससे चारों दिशाओं से आने-जाने वाले वाहनों को समान जगह मिल सकेगी।

 सीसीटीवी कैमरों की भी होगी शिफ्टिंग

सीएमओ के मुताबिक चौराहे पर पुलिस विभाग के सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं। संबंधित विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण कर लिया है। अगले 10 दिनों के भीतर रोटरी और कैमरों की शिफ्टिंग का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद रोटरी का विस्तार कर वहां क्लॉक भी लगाई जाएगी। नगर पालिका की इस पहल से लल्ली चौक पर यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button