Betul ki Khabar: गणेश विसर्जन के बाद चंद मिनटों में चमक उठीं सड़कें, बैतूल की सफाई व्यवस्था की प्रदेशभर में गूंज

 एसडीएम अर्बन एमपी ने नपा की सफाई व्यवस्था वाली पोस्ट शेयर कर प्रदेश के निकायों को दिया सकारात्मक संदेश

Betul ki Khabar: बैतूल। गणेश विसर्जन के दौरान शहर की सड़कों पर उमड़ी भीड़, लगातार निकलते जुलूस और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच बैतूल नगर पालिका की सफाई व्यवस्था अब प्रदेश स्तर पर चर्चा में है। विसर्जन के दौरान नगर पालिका द्वारा किए गए विशेष सफाई इंतजाम और जुलूस गुजरने के कुछ ही मिनटों बाद सड़कों को दोबारा साफ करने की व्यवस्था को लेकर सोशल मीडिया पर साझा की गई पोस्ट को एसडीएम अर्बन एमपी ने भी शेयर किया है। इसके बाद बैतूल की सफाई व्यवस्था को लेकर प्रदेश के अन्य नगरीय निकायों में भी चर्चा शुरू हो गई है।

गणेश विसर्जन के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर सुबह से देर रात तक गणेश प्रतिमाओं के जुलूस निकलते रहे। जुलूस के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी मौजूद रहे। ऐसे में सड़कों पर फूल-माला, पूजन सामग्री, पत्तियां और अन्य कचरा जमा होने की संभावना बनी हुई थी।

लगातार जुलूसों के कारण यदि समय पर सफाई नहीं होती तो शहर के प्रमुख मार्गों पर गंदगी के साथ यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती थी। नगर पालिका ने इस चुनौती से निपटने के लिए पहले से विशेष सफाई व्यवस्था तैयार की थी।

स्वास्थ्य विभाग की टीमों और सफाई कर्मचारियों को प्रमुख मार्गों पर तैनात किया गया था। जैसे ही कोई जुलूस मार्ग से गुजरता, उसके पीछे सफाई कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंच जाते और सड़क पर बिखरी पूजन सामग्री व कचरे को एकत्र करना शुरू कर देते।

 जुलूस निकला और कुछ मिनट में साफ हो गई सड़क

स्वास्थ्य निरीक्षक संतोष धनेलिया के मुताबिक विसर्जन के दौरान आम नागरिकों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सफाई कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई थी। कर्मचारियों द्वारा जुलूस निकलते ही तत्काल सफाई शुरू कर दी जाती थी।

सड़क से कचरा एकत्र कर ट्रालियों में डाला जाता और मार्ग को अगले जुलूस के लिए तैयार कर दिया जाता था। इस व्यवस्था का असर यह रहा कि एक जुलूस के गुजरने और दूसरे जुलूस के पहुंचने के बीच ही संबंधित मार्ग दोबारा साफ-सुथरा दिखाई देने लगा। इससे शहर में स्वच्छता बनाए रखने के साथ यातायात संचालन में भी मदद मिली।

 प्रदेश स्तर पर मिली पहचान

नगर पालिका की इस व्यवस्था से जुड़ी पोस्ट को एसडीएम अर्बन एमपी द्वारा शेयर किए जाने के बाद बैतूल की सफाई व्यवस्था को प्रदेश स्तर पर सकारात्मक चर्चा मिली है। धनेलिया ने कहा कि गणेश विसर्जन जैसे बड़े आयोजन के दौरान सफाई व्यवस्था को बनाए रखना नगर पालिका के लिए बड़ी जिम्मेदारी थी। कर्मचारियों ने लगातार मेहनत कर इस जिम्मेदारी को निभाया। प्रदेश स्तर पर इसकी सराहना होना नपा बैतूल के लिए गौरव की बात है।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button