Antim Vidai: Video : जिस मंदिर को आस्था का केंद्र बनाया, वहीं से मिली दीपक भैया को अंतिम विदाई

बिजासनी माता मंदिर के संस्थापक की अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, हर आंख हुई नम

Antim Vidai: बैतूल। गंज के ख्यातिनाम बिजासनी माता मंदिर के संस्थापक, मां के अनन्य उपासक और समाजसेवा के लिए समर्पित पंडित दीपक शर्मा गुरुवार दोपहर पंचतत्व में विलीन हो गए। बुधवार शाम इंदौर में उपचार के दौरान हृदयाघात से उनके निधन की खबर ने शहर को स्तब्ध कर दिया था।

गुरुवार दोपहर आबकारी रोड, गंज स्थित उनके निज निवास से जब खुले ट्रक में अंतिम यात्रा निकली तो सड़कों पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। हर किसी की जुबां पर एक ही बात थी कि ‘दीपक भैयाÓ अब हमारे बीच नहीं रहे।

मां की भक्ति को बनाया जीवन का आधार

67 वर्षीय पंडित दीपक शर्मा ने बिजासनी माता मंदिर को केवल पूजा-अर्चना का स्थल नहीं, बल्कि शहर के लोगों की आस्था और आध्यात्मिक जुड़ाव का केंद्र बना दिया था। लोगों की समस्याओ का निराकरण करने में उनका कोई सानी नहीं था। इसके अलावा मंदिर में होने वाले धार्मिक आयोजनों में वे पूरे मनोयोग से जुटे रहते थे।

नवरात्रि, जन्माष्टमी, राधाष्टमी, अन्नकूट सहित विभिन्न धार्मिक पर्वों पर मंदिर में होने वाले आयोजन शहरवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहते थे। यहां आयोजित भंडारे में हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करने आते थे। वर्षों की इसी धार्मिक सक्रियता ने उन्हें हर वर्ग के लोगों से आत्मीय रूप से जोड़ दिया था।

निधन की खबर पर किसी को नहीं हुआ विश्वास

बुधवार शाम जैसे ही उनके निधन की खबर शहर में पहुंची, लोगों के बीच शोक की लहर दौड़ गई। जो व्यक्ति कुछ समय पहले तक धार्मिक आयोजनों में सक्रिय नजर आता था, उसके अचानक चले जाने की खबर पर सहज ही किसी को विश्वास नहीं हुआ। देर रात एंबुलेंस से उनकी पार्थिव देह बैतूल पहुंची तो बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए उनके निवास पर पहुंच गए।

बिजासनी माता मंदिर पहुंचते ही छलक पड़े आंसू

गुरुवार दोपहर अंतिम यात्रा आबकारी रोड स्थित निवास से शुरू हुई। खुले ट्रक में रखी पार्थिव देह के साथ सैकड़ों लोग पैदल चलते रहे। महिलाएं, मंदिर समिति के सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता और वर्षों से उनसे आत्मीय जुड़ाव रखने वाले लोग उन्हें अंतिम विदाई देने उमड़ पड़े।

अंतिम यात्रा उनके आध्यात्मिक केंद्र बिजासनी माता मंदिर पहुंची तो माहौल और भी भावुक हो गया। मां की चुनरी और पुष्पों से उन्हें अंतिम विदाई दी गई। मंदिर परिसर में मौजूद कई लोगों की आंखों से आंसू छलक पड़े।

हर वर्ग ने दी अपने दीपक भैया को विदाई

अंतिम यात्रा में केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके, पूर्व विधायक शिवप्रसाद राठौर, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष आदित्य बबला शुक्ला, प्रदेश कांग्रेस सचिव समीर खान, जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष सिद्दीक पटेल, जिला भाजपा कोषाध्यक्ष दीपक सलूजा, सहित विभिन्न मंदिरों और धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारी, राजनेता, व्यवसायी एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग शामिल हुए। बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भी अंतिम यात्रा में शामिल होकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

दोनों पुत्रों ने दी मुखाग्नि

पंडित दीपक शर्मा बैतूल नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष धीरू शर्मा के बड़े भाई तथा ख्यातिनाम हल्दीराम डिस्ट्रीब्यूटर अभिषेक शर्मा और पुणे में पदस्थ सॉफ्टवेयर इंजीनियर आदित्य शर्मा के पिता थे। गंज मोक्षधाम में उनके दोनों पुत्रों ने मुखाग्नि दी।

अंतिम संस्कार के दौरान उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। सांझवीर टाईम्स परिवार की ओर से भी हमारे प्रेरणास्त्रोत, मार्गदर्शक पंडित दीपक शर्मा को आश्रूपूरित श्रद्धांजलि।

एक भक्त गया, पीछे छोड़ गया आस्था की वह लौ, जो बिजासनी माता मंदिर के रूप में वर्षों तक शहरवासियों के मन में जलती रहेगी।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button