Aashirvad ke Deepak : 21 लाख दीपों से आज जगमगाएगा बैतूल, शहर में जलेंगे 2 लाख आशीर्वाद के दीपक
शाम 7 बजे लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में मुख्य आयोजन, 33 वार्डों में भी एक साथ होगा दीप प्रज्वलन

Aashirvad ke Deepak :बैतूल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की सेवा यात्रा के उपलक्ष्य में आज शाम बैतूल सहित पूरा जिला दीपों की रोशनी से जगमगाएगा। जिलेभर में एक साथ 21 लाख आशीर्वाद के दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं अकेले बैतूल शहर में करीब 2 लाख दीप एक साथ प्रज्वलित किए जाएंगे। मुख्य आयोजन शाम 7 बजे लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में होगा।
आयोजन को लेकर पिछले तीन दिनों से तैयारियां चल रही हैं और नगर पालिका सहित विभिन्न विभागों के करीब एक हजार अधिकारी-कर्मचारी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
नगर पालिका सीएमओ नवनीत पांडेय ने बताया कि लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में होने वाले मुख्य कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी और शहरवासी शामिल होंगे। इसके साथ ही शहर के सभी 33 वार्डों में भी शाम 7 बजे एक साथ दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। प्रत्येक वार्ड में व्यवस्थाओं के लिए 10 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। अकेले नगर पालिका के करीब 400 कर्मचारी आयोजन की तैयारियों में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
जिलेभर में एक समय पर रोशन होंगे 21 लाख दीप
कार्यक्रम को केवल शहर तक सीमित नहीं रखा गया है। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में भी दीप प्रज्वलन की तैयारियां की गई हैं। शाम 7 बजे निर्धारित समय पर जिलेभर में एक साथ दीप जलाने का लक्ष्य है। इसके लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
आयोजन की व्यवस्थाओं में अन्य सरकारी विभागों के कर्मचारियो समेत करीब एक हजार अधिकारी-कर्मचारियों का योगदान लिया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय है। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे और एसपी सहित अन्य अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने आयोजन को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
गणेश चौक हाईमास्ट से होगा रोशन, गेंदा चौक पर शौचालय का शुभारंभ
आशीर्वाद के दीप कार्यक्रम के साथ शहर को दो सुविधाओं की सौगात भी मिलेगी। सीएमओ नवनीत पांडेय ने बताया कि गणेश चौक पर लंबे समय से प्रस्तावित हाईमास्ट लाइट का शुभारंभ भी आज किया जाएगा। लाइट इंदौर से मंगवाकर स्थापित कर दी गई है।
इसके शुरू होने के बाद पूरा गणेश चौक दूधिया रोशनी से जगमगाएगा। सदर के गेंदा चौक पर नवनिर्मित सार्वजनिक शौचालय का भी विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। इस चौराहे पर लंबे समय से सार्वजनिक शौचालय की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
नगर पालिका और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से इसका निर्माण पूरा कराया गया है। आज इसके शुरू होने से स्थानीय नागरिकों और यहां आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। इस तरह दीपों की रोशनी के साथ शहर को नई सुविधाओं की सौगात भी मिलेगी।




