Betul Hospital News: जिला अस्पताल में ब्लड जांच रिपोर्ट का संकट, मरीज रिपोर्ट के लिए लगा रहे चक्कर

नए सॉफ्टवेयर के अपडेशन से बिगड़ी व्यवस्था, दो-तीन दिन से कंप्यूटर में ट्रांसफर नहीं हो रही रिपोर्ट, भर्ती मरीजों को हाथ से लिखकर दी जा रही रिपोर्ट
Betul Hospital News: बैतूल। जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में पिछले दो-तीन दिनों से ब्लड जांच कराने वाले मरीजों को रिपोर्ट नहीं मिल पा रही है। जांच के लिए ब्लड सैंपल देने के बाद मरीज रिपोर्ट लेने के लिए पैथोलॉजी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। अस्पताल में बड़ी संख्या में मरीज प्रतिदिन ब्लड जांच कराने पहुंचते हैं।
ऐसे में रिपोर्ट नहीं मिलने से मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में नया सॉफ्टवेयर अपडेशन किया जा रहा है। इसी के साथ नई मशीनें लगाने और सिस्टम को नए सॉफ्टवेयर से जोड़ने का काम चल रहा है। इस प्रक्रिया के चलते मशीनों से तैयार होने वाली ब्लड जांच रिपोर्ट कंप्यूटर सिस्टम में ट्रांसफर नहीं हो पा रही है। इससे रिपोर्ट की सामान्य प्रक्रिया प्रभावित हो गई है। पैथोलॉजी में रिपोर्ट लेने के लिए मरीजों की भीड़ भी देखी जा रही है।
नए ठेके के बाद बदली व्यवस्था
अस्पताल सूत्रों के अनुसार ब्लड जांच से संबंधित काम का नया ठेका हुआ है। इसके बाद संबंधित ठेकेदार द्वारा नई मशीनें लगाने के साथ सॉफ्टवेयर अपडेशन का काम किया जा रहा है। नई व्यवस्था लागू करने की प्रक्रिया के दौरान ही तकनीकी समस्या सामने आई है। हालांकि यह समस्या कब तक पूरी तरह दूर होगी, इसे लेकर अभी अस्पताल प्रबंधन की ओर से स्पष्ट समय-सीमा सामने नहीं आई है। इससे रोजाना जांच कराने वाले मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
भर्ती मरीजों को हाथ से लिखकर दे रहे रिपोर्ट
जिला अस्पताल में भर्ती और गंभीर मरीजों को जांच रिपोर्ट के लिए ज्यादा इंतजार न करना पड़े, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार ऐसे मरीजों की रिपोर्ट मशीन पर जांच के बाद हाथ से लिखकर उपलब्ध कराई जा रही है। इससे इमरजेंसी और भर्ती मरीजों के इलाज में ज्यादा बाधा नहीं आए, इसका प्रयास किया जा रहा है।
हालांकि ओपीडी में आने वाले सामान्य मरीजों को रिपोर्ट प्राप्त करने में परेशानी हो रही है। मरीजों का कहना है कि ब्लड सैंपल देने के बाद रिपोर्ट लेने के लिए अस्पताल पहुंचने पर उन्हें कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल रही है। कई मरीज रिपोर्ट के लिए बार-बार पैथोलॉजी पहुंच रहे हैं।
व्यवस्था जल्द दुरुस्त करने की जरूरत
जिला अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। इनमें कई मरीज ऐसे होते हैं, जिन्हें डॉक्टर द्वारा आगे की जांच और उपचार तय करने के लिए ब्लड रिपोर्ट की आवश्यकता होती है। ऐसे में तकनीकी अपडेशन के कारण रिपोर्ट नहीं मिलने से उपचार की प्रक्रिया भी प्रभावित होने की आशंका रहती है। मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन से सॉफ्टवेयर अपडेशन और मशीनों की तकनीकी समस्या को जल्द दूर कर ब्लड जांच रिपोर्ट की व्यवस्था सामान्य करने की मांग की है।
इनका कहना….
सा$फ्टवेयर अपडेटशन का कार्य जारी होने से रिपोर्ट कम्प्यूटर में ट्रांसफर नहीं हो रही है। यह अब बैतूल में ही नहीं पूरे प्रदेश के अस्पताल प्रभावित है। हाल ही में नई कंपनी को टेण्डर हुए है जिन्होंने नई मशीनें लगाई और साफ्टवेयर अपडेट चल रहा है।
डॉ अंकिता सीते, पैथालॉजी प्रभारी, जिला अस्पताल, बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




