Betul Samachar: कैम्पा के सागौन पर चला आरा, हजारों बल्लियों की कटाई का शक

जंगल में कटाई का खेल! पहले 119 ठूंठ मिले, अब सीसीएफ उड़नदस्ता तलाश रहा असली आंकड़ा

Betul Samachar: बैतूल। उत्तर वन मंडल के शाहपुर परिक्षेत्र में कैम्पा प्रोजेक्ट के तहत लगाए सागौन प्लांटेशन में बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई का मामला सामने आने के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया है। सूत्रों के मुताबिक प्लांटेशन में धीरे-धीरे शुरू हुई पेड़ों की कटाई का सिलसिला अब हजारों सागौन बल्लियों तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। मामला सामने आने के बाद अब सीसीएफ ने उड़नदस्ते को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

शाहपुर एसडीओ की प्रारंभिक जांच में करीब 119 पेड़ों के ठूंठ मिलने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद मामला गंभीर होने पर सीसीएफ मधु वी. राजू ने उड़नदस्ते को जांच के निर्देश दिए। रविवार से उड़नदस्ता जंगल में पहुंचकर कटाई के निशान तलाश रहा है। बताया जा रहा है कि जांच के पहले दिन करीब 9 ठूंठ मिलने की जानकारी सामने आई है। हालांकि अंतिम आंकड़ा विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

पेड़ बने तो बल्लियां भी बढ़ती गईं

प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2015-16 में शाहपुर परिक्षेत्र की बोंद्री और बागला बीट में कैम्पा प्रोजेक्ट के तहत सागौन का प्लांटेशन किया था। जैसे-जैसे पौधे पेड़ का रूप लेने लगे, वैसे-वैसे कथित तौर पर इनकी कटाई भी शुरू हो गई। सूत्रों का दावा है कि शुरुआत में सैकड़ों बल्लियों की कटाई हुई और बाद में यह संख्या बढ़ते-बढ़ते हजारों तक पहुंच गई। अधिकारियों के मुताबिक ग्रामीणों द्वारा निस्तारी के काम के लिए कटाई किया जाना बताया जा रहा है, लेकिन सवाल यह खड़ा हो रहा है कि लाखों करोड़ों के इस प्रोजेक्ट को भगवान भरोसे कैसे छोड़ दिया गया।

निगरानी पर भी उठ रहे सवाल

सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि इतने बड़े पैमाने पर सागौन की कटाई हुई तो लंबे समय तक इसकी भनक वन अमले को कैसे नहीं लगी। बीट गार्ड से लेकर डिप्टी रेंजर और परिक्षेत्र अधिकारी तक की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब उड़नदस्ते की जांच से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वास्तविकता में कितने पेड़ काटे गए और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है। फिलहाल उड़नदस्ता जंगल में ठूंठों की तलाश कर रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ होगा कि प्रारंभिक जांच में मिले 119 ठूंठ के अलावा और कितने पेड़ों की कटाई हुई है। यदि हजारों पेड़ों की कटाई की पुष्टि होती है तो यह कैम्पा प्लांटेशन की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर सकता है।

इनका कहना….

कटाई की जांच की जा रही है। जांच में अभी तक 9 ठूंठ मिले हैं। जांच पूरी होने के बाद ही कुल कटाई का आंकड़ा स्पस्ट हो सकेगा ।

आकांक्षा खातरकर, एसडीओ, प्रभारी सीसीएफ उड़नदस्ता

मेरे द्वारा भी इस प्रकरण में जांच की गई थी, जांच में 119 ठूंठ मिले थे, जिसकी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को दे दी गई थी।

उत्तम सिंह सस्त्या, एसडीओ उत्तर वन मण्डल, शाहपुर

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें

👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t

बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button