Betul District Hospital : जिला अस्पताल की ओपीडी सेवा में होगा बड़ा बदलाव, अब डिजिटल पेमेंट से बनेगी पर्ची
पर्ची पर डॉक्टर का नाम और कक्ष नंबर भी रहेगा दर्ज, टोकन सिस्टम दोबारा होगा शुरू; मरीजों को लाइन से मिलेगी राहत

Betul District Hospital : बैतूल। जिला अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचने वाले मरीजों के लिए ओपीडी की व्यवस्था में जल्द ही कई अहम बदलाव होने जा रहे हैं। ओपीडी पर्ची बनवाने से लेकर डॉक्टर तक पहुंचने की प्रक्रिया को आसान और व्यवस्थित करने की तैयारी की जा रही है। अब मरीजों को पर्ची के लिए केवल नगद भुगतान पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। डिजिटल भुगतान की सुविधा शुरू होने के बाद मरीज और उनके परिजन गूगल पे, फोनपे, पेटीएम सहित अन्य डिजिटल माध्यमों से पर्ची की राशि का भुगतान कर सकेंगे।
अभी तक ओपीडी पर्ची के लिए नगद राशि का ही लेन-देन होता है। ऐसे में कई बार मरीजों और उनके परिजनों को चिल्लर की समस्या का सामना करना पड़ता है। खासकर भीड़भाड़ के समय छोटी राशि के भुगतान को लेकर परेशानी होती है। डिजिटल पेमेंट की सुविधा शुरू होने के बाद इस समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। अस्पताल प्रबंधन द्वारा ओपीडी पर्ची व्यवस्था को डिजिटल माध्यम से जोड़ने की तैयारी की जा रही है।
पर्ची पर ही मिलेगा डॉक्टर का नाम और कक्ष नंबर
ओपीडी व्यवस्था में होने वाला दूसरा महत्वपूर्ण बदलाव मरीजों के लिए ज्यादा उपयोगी साबित हो सकता है। अब ओपीडी पर्ची पर संबंधित बीमारी के हिसाब से मरीज का उपचार करने वाले डॉक्टर का नाम दर्ज किया जाएगा। इसके साथ ही डॉक्टर किस कक्ष में बैठेंगे, उसका नंबर भी पर्ची पर अंकित रहेगा। वर्तमान में जिला अस्पताल पहुंचने वाले कई मरीजों को डॉक्टर का कक्ष तलाशने में परेशानी होती है। खासकर पहली बार अस्पताल आने वाले मरीजों और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को यह पता लगाने में समय लग जाता है कि संबंधित बीमारी के लिए किस डॉक्टर से मिलना है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद पर्ची पर डॉक्टर का नाम और कक्ष नंबर स्पष्ट रूप से दर्ज रहेगा। इससे मरीज सीधे संबंधित कक्ष में पहुंचकर डॉक्टर से परामर्श ले सकेंगे।
बीमारी के हिसाब से डॉक्टर तक पहुंचेंगे मरीज
ओपीडी में पर्ची बनाते समय मरीज का नाम, पता, मोबाइल नंबर और बीमारी की जानकारी दर्ज की जाती है। अब इसी जानकारी के आधार पर संबंधित बीमारी के डॉक्टर की जानकारी पर्ची पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। इससे मरीजों को अलग-अलग कक्षों में जाकर डॉक्टर तलाशने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अस्पताल में आने वाले मरीजों के लिए यह व्यवस्था समय बचाने के साथ उपचार प्रक्रिया को भी व्यवस्थित करने में मदद करेगी।
डॉक्टर के कक्ष के सामने नहीं लगानी पड़ेगी लंबी कतार
जिला अस्पताल में एक बार फिर टोकन सिस्टम को सक्रिय करने की तैयारी है। टोकन सिस्टम शुरू होने के बाद मरीजों को डॉक्टर के कक्ष के बाहर लंबी कतार में खड़े रहने की जरूरत नहीं होगी। मरीज को टोकन नंबर मिलने के बाद अपने नंबर का इंतजार करना होगा। डॉक्टर द्वारा टोकन नंबर दबाते ही संबंधित नंबर का एलान किया जाएगा और अस्पताल में लगे टीवी स्क्रीन पर भी टोकन नंबर प्रदर्शित होगा। मरीज का नंबर आने पर वह सीधे संबंधित डॉक्टर के कक्ष में जाकर उपचार करा सकेगा। इससे ओपीडी में भीड़ और अव्यवस्था को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। पहले भी जिला अस्पताल में टोकन सिस्टम शुरू किया गया था, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण कुछ समय बाद व्यवस्था बंद हो गई थी। अब सिस्टम को दोबारा सक्रिय कर बेहतर तरीके से शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
तीन बदलाव से मरीजों को राहत की उम्मीद
डिजिटल पेमेंट, पर्ची पर डॉक्टर का नाम व कक्ष नंबर और टोकन सिस्टम—ओपीडी में होने वाले ये तीन बदलाव मरीजों के लिए राहत देने वाले माने जा रहे हैं। व्यवस्था सुचारू रूप से लागू होने पर पर्ची बनवाने से लेकर डॉक्टर तक पहुंचने की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित हो सकेगी। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को अस्पताल में भटकने और अनावश्यक कतार में खड़े होने से राहत मिलने की उम्मीद है।
इनका कहना…
अस्पताल की ओपीडी पर्ची सिस्टम में जल्द ही बदलाव होने जा रहे है। मरीज और उनके परिजन आसानी से डिजिटल पेमेंट कर पाएंगे और ओपीडी पर्ची पर डॉक्टर का नाम भी अंकित रहेगा।
डॉ. जगदीश घोरे
सिविल सर्जन, जिला चिकित्सालय बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




