Betul Congress News: बैतूल में कांग्रेस में सिर फुटौव्वल: पांसे, डागा समेत 8 पर एफआईआर

कांग्रेस के संगठन सृजन कार्यक्रम के बाद विवाद में नया मोड़, संगठन की प्रदेश स्तर पर किरकिरी
Betul Congress News: बैतूल। इसे इत्तेफाक कहे कि जिस दिन कांग्रेस के दो दिवसीय संगठन सजृन कार्यक्रम का समापन हुआ, उसी दिन पार्टी की स्थानीय गुटबाजी ने ऐसा रूप धारण किया, जिसकी कल्पना तक नहीं की जा सकती है। प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी से करवाई गई एक शिकायत में बड़ा रूप धारण कर लिया और कार्यक्रम स्थल दादावाड़ी के बाहर कांग्रेस नेताओं में जमकर गाली गलौच, जमकर मुंह जुबानी चलती रही। इसके वायरल वीडियो ने संगठन की सक्रियता पर सवालिया निशान खड़े कर दिए।
गाली गलौच का मामला उस दिन तो शांत हो गया, लेकिन अगले दिन आमला के कांग्रेस नेता विजय पारधी ने कोतवाली पहुंचकर पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे समेत नवनीत मालवीय, मनोज मालवे और सलमान खान पर गाली गलौच- धमकी समेत अनुसूचित जाति जनजाति के तहत एफआईआर दर्ज करवाई।
इसके ठीक बाद आमला से विधानसभा चुनाव लड़ चुके दलित नेता मनोज मालवे ने भी अपने साथ मारपीट और धमकी देने का मामला कोतवाली में दर्ज कराया। इसके बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा, कांग्रेस नेता हर्षवर्धन धोटे, मोनू बड़ोनिया और विजय पारधी पर अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दोनों पक्षों पर मामला दर्ज होने के बाद प्रदेश स्तर पर बैतूल कांग्रेस संगठन की जमकर किरकिरी हो रही है।
जैन दादावाड़ी में शुक्रवार और शनिवार कांग्रेस का संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया था। इस कार्यक्रम में शामिल होने प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरिश चौधरी, सह प्रभारी उषा नायडू और नेताप्रतिपक्ष उमंग सिंघार समापन अवसर पर पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित कर नई ऊर्जा प्रदान की। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेताओं ने मार्गदर्शन के अलावा सहभागिता पर तारीफे भी की, लेकिन इसके ठीक बाद जिस तरह प्रशिक्षण स्थल के बाहर कांग्रेसियों में विवाद हुआ।
इसका एक वायरल वीडियो जमकर सुर्खियां बटोरने लगा। देखते ही देखते मामला तूल पकड़ गया और पूरे कांग्रेस संगठन की जिले से लेकर प्रादेशिक स्तर तक किरकिरी होने लगी। सूत्र बताते हैं कि मामला जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता विजय पारधी एवं अन्य एक कांग्रेस नेता द्वारा पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे की प्रदेश प्रभारी को की गई एक शिकायत के बाद बढ़ गया।
कांग्रेस संगठन सृजन अभियान के समापन अवसर के ठीक बाद जैन दादावाड़ी में बाहर पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे एवं उनके समर्थकों का कांग्रेस नेता विजय पारधी के बीच विवाद हुआ। यह विवाद अगले दिन सोमवार को थाने तक पहुंच गया।
पहले पांसे समर्थकों पर एफआईआर
इस घटनाक्रम में सबसे पहली एफआईआर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता विजय पारधी ने कोतवाली थाने में करवाई। शिकायत में पारधी ने बताया कि उनके साथ 18 जुलाई को शाम 5 बजे जैन दादावाड़ी में कार्यक्रम के दौरान सुखदेव पांसे, नवनीत मालवीय, मनोज मालवे और सलमान खान ने जान से मारने की धमकी देकर जमीन में जिंदा गाड़ने के अलावा राजनीति खत्म करने की धमकी दी।
उनका कहना है कि वह जान बचाकर प्रशिक्षण हाल तरफ चला गया। सार्वजनिक रूप से अपमानित करने से वह डरा सहमा है। कोतवाली पुलिस ने जिला कांग्रेस प्रवक्ता विजय पारधी की रिपोर्ट पर पूर्व मंत्री पांसे समेत कांग्रेस नेताओं पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दूसरा पक्ष भी पहुंचा एफआईआर करने
जिला कांग्रेस प्रवक्ता की एफआईआर के बाद दूसरे पक्ष के कांग्रेस नेता और आमला विधानसभा से चुनाव लड़ चुके मनोज मालवे ने कोतवाली में शिकायत करते बताया कि उनके साथ जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा, मोनू बड़ोनिया, हर्ष वर्धन धोटे और विजय पारधी ने सार्वजनिक स्थान पर गला दबाने की कोशिश की।
इसके अलावा मारपीट भी की। उन्होंने बताया कि जातिगत गाली देकर धमकी भी दी। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि 18 जुलाई को शाम 5 बजे जैन दादावाड़ी में कांग्रेस के कार्यक्रम में मौजूद था, वहां पर हम लोगों को पता चला कि जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा ने साजिश कर पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे की वरिष्ठ नेताओं से विजय पारधी एवं अन्य द्वारा झूठी रिपोर्ट करवाई गई थी।
भीड़ का फायदा उठाकर उनकी पूर्व मंत्री पांसे का अपमान करने की नियत से विजय पारधी उनके निकट आने लगा तो कोई अनहोनी की आशंका को देखते हुए हमने सुखदेव पांसे के समर्थकों द्वारा अलग किया। थोड़ी देर बाद पंडाल में निलय डागा, हर्ष वर्धन धोटे और मोनू बड़ोनिया आए और उनके साथ गला दबाकर मारपीट करने लगे।
जाति सूचक गाली देकर अपमान भी किया। उन्होंने बताया कि विजय पारधी ने गुप्तांग पर पैर मारा तो वे दर्द के मारे नीचे गिर गए। यह घटना नवनीत मालवीय, डा नितिन देशमुख, राजेश गावंडे और मंगू सोनी ने भी देखी। मनोज मालवे की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष समेत चार नेताओं पर अनुसूचित जाति जनजाति समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।
निलय के अध्यक्ष बनने के बाद और बढ़ी गुटबाजी
करीब 6 माह पहले संगठन सृजन अभियान के तहत हेमंत वागद्रे की जगह राष्ट्रीय नेतृत्व ने पूर्व विधायक निलय डागा को अध्यक्ष बनाया था। उनके अध्यक्ष बनने पर दूसरे गुट का विरोध में सामने आया। हालाकि प्रदेश संगठन ने सामंजस्य स्थापित करते हुए सभी नेताओं को कहीं ना कहीं ऐडजस्ट किया। हालाकि गुटबाजी लगातार बढ़ती रही।
दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान यह गुटबाजी विस्फोटक रूप में सामने आई। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी चौधरी को आखिर पूर्व मंत्री की किसके कहने पर शिकायत हुई? इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही है।
कहां जा रहा है कि निलय डागा के अध्यक्ष बनने के बाद गुटबाजी कम होने की बजाय और बढ़ते जा रही है, इससे संगठन कमजोर होने से भी इंकार नहीं किया जा सकता। राजनीतिक जानकार मानते है कि कांग्रेस में ऐसे ही हाल रहे तो आने वाले विधानसभा चुनाव में फिर भाजपा 5-0 से फतह हासिल कर सकती है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




