Betul News: बीच बाजार मौत बनकर पतंग सहित गिरा चाइनीज मांझा, युवकों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

कोठी बाजार में मची अफरा-तफरी, सैकड़ों वाहन चालकों की थमी सांसें
Betul News: बैतूल। शहर के व्यस्त कोठी बाजार, के साप्ताहिक सब्जी बाजार क्षेत्र में गुरुवार शाम उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से बंधी एक कटी हुई पतंग अचानक सड़क के बीचों-बीच आ गिरी। साप्ताहिक बाजार होने के कारण इलाके में भारी भीड़ थी और बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन चालक भी आवाजाही कर रहे थे।
अचानक सड़क पर फैले चाइनीज मांझे को देखकर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। भीड़ में कई महिला वाहन चालक भी दहशत में आ गई। मांझा भी काफी लंबा होने के साथ साथ हवा में लटक रहा था। ऐसे में कोई भी इसकी चपेट में आ जाता तो अनहोनी होना भी तय था।
युवकों की सूझबूझ बनी लोगो के लिए सुरक्षा का कवच
जैसे ही मौके पर मौजूद कुछ युवकों ने हवा में तैरते चायनीज मांझे को देखा,घटना की गंभीरता को समझते हुए युवकों ने तुरंत मांझे को पकड़ लिया और जोर-जोर से चिल्लाकर लोगों को सतर्क करना शुरू कर दिया। उनकी चेतावनी सुनते ही कई दोपहिया वाहन चालकों ने तत्काल अपने वाहन जगह पर ही रोक दिए। इनमें स्कूटी चला रही कई महिलाएं भी शामिल थीं। युवकों की समय पर दिखाई गई सतर्कता के कारण संभावित बड़ा हादसा टल गया।
कुछ सेकंड की देरी पड़ सकती थी भारी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि समय रहते मांझे को नहीं पकड़ा जाता और लोगों को आगाह नहीं किया जाता, तो तेज रफ्तार से गुजर रहे कई बाइक और स्कूटी चालकों के गले चाइनीज मांझे की चपेट में आ सकते थे। ऐसी स्थिति में गंभीर चोट या जानलेवा दुर्घटना से भी इनकार नहीं किया जा सकता था। इस घटना ने बाजार में मौजूद लोगों को झकझोर कर रख दिया।
प्रतिबंध के बावजूद कैसे बिक रहा है चाइनीज मांझा?
घटना के बाद शहर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बेमौसम बिक्री को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन द्वारा इस घातक मांझे की बिक्री और उपयोग पर रोक लगाए जाने के बावजूद आखिर यह बाजार तक कैसे पहुंच रहा है? आखिर वे कौन व्यापारी हैं जो थोड़े से मुनाफे के लिए लोगों की जान जोखिम में डाल रहे हैं? नागरिकों का कहना है कि प्रशासन को ऐसे कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
लोगों ने की प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
स्थानीय नागरिकों ने घटना के बाद प्रशासन से शहर में चाइनीज मांझे की बिक्री पर प्रभावी निगरानी रखने, विशेष अभियान चलाकर अवैध कारोबारियों पर कार्रवाई करने और लोगों को जागरूक करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि गुरुवार को युवकों की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन यदि समय पर किसी की नजर मांझे पर नहीं पड़ती तो यह घटना कई परिवारों के लिए दुखद साबित हो सकती थी।
इनका कहना……
चायनीज माँझे की बिक्री को लेकर कर्मचारियो को निर्देशित करेंगे, जो भी मांझा बेचते पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।
नवनीत पांडेय, सीएमओ नपा बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




