Betul Samachar: स्टेशन मार्ग से हटाया अतिक्रमण, दोबारा सज गईं दुकानें; कार्रवाई की प्रभावशीलता पर उठे सवाल

हर बुधवार चल रहा अभियान, हटाए गए अतिक्रमण फिर लौटने से नगर पालिका की कार्यशैली पर सवाल
Betul Samachar: बैतूल। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका द्वारा प्रत्येक बुधवार को चलाए जा रहे अभियान की प्रभावशीलता पर सवाल उठने लगे हैं। बुधवार को नगर पालिका के राजस्व अमले ने गंज क्षेत्र के स्टेशन मार्ग पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की, लेकिन कुछ ही समय बाद कई दुकानदारों द्वारा पुन: सड़क किनारे दुकानें लगाए जाने की चर्चा सामने आने लगी। इससे अभियान की गंभीरता और स्थायित्व को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
नगर पालिका के अनुसार, विधायक हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर शहर में नियमित रूप से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को स्टेशन क्षेत्र में सड़क तक फैली दुकानों और अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया। राजस्व निरीक्षक ब्रजगोपाल परते ने बताया कि आधा दर्जन से अधिक दुकानदारों के अतिक्रमण हटाए गए तथा उन्हें दोबारा सड़क पर कब्जा नहीं करने की चेतावनी भी दी गई।
हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्रवाई के कुछ समय बाद ही कई स्थानों पर दुकानें फिर से पुराने स्थानों पर संचालित होने लगीं। ऐसे में नगर पालिका के अभियान को लेकर लोगों में असंतोष दिखाई दे रहा है। नागरिकों का मानना है कि केवल अस्थायी कार्रवाई से समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।

कई स्थानों पर फिर दिखाई दे रहे अतिक्रमण
शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पूर्व में हटाए गए अतिक्रमण भी दोबारा दिखाई देने लगे हैं। बाल मंदिर परिसर के आसपास, तहसील कार्यालय मार्ग, कॉलेज चौक, शिवाजी चौक, कमानी गेट सहित कई स्थानों पर सड़क किनारे दुकानें और ठेले संचालित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ ही पैदल राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जल संकट के बीच भी उठे सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बाल मंदिर क्षेत्र के आसपास संचालित कुछ अस्थायी दुकानों को पानी की उपलब्धता भी कराई जा रही है। ऐसे समय में जब शहर जल संकट से जूझ रहा है, इस तरह की शिकायतों ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई : सीएमओ
नगर पालिका सीएमओ नवनीत पांडे ने कहा कि यदि अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा कब्जा किए जाने या किसी प्रकार की अनियमितता की शिकायत मिलती है तो उसे गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा शहर को व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




