Betul News: मुख्य चौराहों के सौंदर्यीकरण कार्य का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समय-सीमा का रखने कहा ध्यान

Betul News: बैतूल। शहर के प्रमुख चौराहों को आकर्षक और व्यवस्थित बनाने की दिशा में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का बुधवार को कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने निरीक्षण किया। उन्होंने नगर पालिका के अधिकारियों के साथ विभिन्न स्थलों का दौरा कर प्रस्तावित और प्रगतिरत कार्यों की जानकारी ली तथा निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. सोनवणे सबसे पहले लल्ली चौक पहुंचे। यहां उन्होंने चौराहे के सौंदर्यीकरण को लेकर तैयार की गई कार्ययोजना का अवलोकन किया। अधिकारियों से प्रस्तावित निर्माण और विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा कि शहर के प्रमुख चौराहे किसी भी नगर की पहचान होते हैं, इसलिए इनके विकास में सौंदर्य और उपयोगिता दोनों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
लल्ली चौक स्थित रोटरी का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने इसकी वर्तमान स्थिति देखी और इसे और अधिक आकर्षक एवं व्यवस्थित बनाने के सुझाव दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि रोटरी में हरियाली, प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण के अन्य तत्वों को शामिल कर इसे शहर के प्रमुख आकर्षण केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। इसके बाद कलेक्टर कारगिल चौक पहुंचे, जहां उन्होंने प्रस्तावित विकास कार्यों और उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सौंदर्यीकरण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। निर्माण सामग्री से लेकर कार्य निष्पादन तक हर स्तर पर मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि शहर के प्रमुख चौराहों का बेहतर विकास न केवल नगर की सुंदरता बढ़ाएगा, बल्कि नागरिकों और बाहर से आने वाले लोगों के लिए भी सकारात्मक संदेश देगा। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और तय समय-सीमा के भीतर उन्हें पूरा करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर नगर पालिका सीएमओ नवनीत पांडेय, उपयंत्री राहुल शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कलेक्टर को सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति और आगामी योजनाओं की जानकारी भी दी।




