Ward Parikrama: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के वार्ड में समस्या का अंबार

सड़कों के बेहाल, नाली और सफाई का अभाव
Ward Parikrama: बैतूल। शहर के नगरपालिका वार्ड क्रमांक 27 गणेश वार्ड, जहां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का निवास भी है, वहां मूलभूत सुविधाओं की स्थिति सवालों के घेरे में है। वार्ड के कई हिस्सों में सड़क, नाली, सफाई और पेयजल जैसी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। वार्ड का प्रतिनिधित्व भाजपा पार्षद विजय जसूजा करते हैं, लेकिन स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि समस्याओं के समाधान की दिशा में अपेक्षित प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।
वार्ड के चुन्नीढाना क्षेत्र में हालात सबसे अधिक चिंताजनक बताए जा रहे हैं। यहां कई गलियों में अब तक पक्की सड़क का निर्माण नहीं हुआ है, जिससे बारिश के दिनों में लोगों को कीचड़ और जलभराव के बीच आवागमन करना पड़ता है। रहवासियों का कहना है कि वर्षों से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई।
गणेश वार्ड का एक हिस्सा शहर के प्रमुख व्यवसायिक क्षेत्र से भी जुड़ा है, लेकिन वहां भी सड़कें बदहाल हैं। बीएसएनएल कार्यालय से एलआईसी कार्यालय तक जाने वाला मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। बारिश के दौरान इस सड़क पर पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इसी तरह गुप्ता मॉल से होटल श्रीकृष्ण तक का मार्ग भी गड्ढों में तब्दील हो गया है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि खराब सड़क का असर उनके कारोबार पर भी पड़ रहा है और ग्राहकों को आने-जाने में कठिनाई होती है।
वार्ड के कई क्षेत्रों में नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी और दुर्गंध की समस्या बनी रहती है। कुछ स्थानों पर अतिक्रमण के कारण आवागमन भी प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा वार्ड के कुछ हिस्सों में पेयजल आपूर्ति भी पर्याप्त नहीं होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
रहवासियों का कहना है कि विकास के दावे तो लगातार किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात इसके विपरीत हैं। उन्होंने नगरपालिका प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से वार्ड की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, नालियों की सफाई और पेयजल व्यवस्था में सुधार की मांग की है, ताकि लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

क्या कहते है वार्डवासी
वार्ड के भीतर सड़क और नाली की सबसे बड़ी समस्या बनी है। सड़क खराब होने से आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। नालियों की सफाई नहीं होती। बारिश के समय जल भराव की स्थिति निर्मित हो जाती है। सफाई का भी अभाव बना हुआ है। जगह-जगह कचरे के ढेर लगे रहते है। सफाई कर्मचारी सफाई करने के लिए नहीं आते है। पार्षद से भी शिकायत की, लेकिन समाधान नहीं हुआ।
विजय करेरा, वार्डवासी

वार्ड के भीतर नाली और सफाई की सबसे बड़ी समस्या है। नालियां नहीं होने से पानी की निकासी नहीं होती है। घरों के सामने जल भराव होता है। सड़कें भी कई वर्षो से नहीं बनी। वार्ड के भीतर असामाजिक तत्वों का भी जमावड़ा बना रहता है।
गणेश सिहोरे, वार्डवासी

वार्ड में साफ-सफाई नहीं होती, घर के सामने ही कचरे का ढेर लगा रहता है। कई बार पार्षद से शिकायत करने के बाद सफाई हुई है। गंदगी होने के कारण बीमारी फेलने का खतरा बना रहता है। साफ-सफाई व्यवस्था वार्ड के अंदर अच्छी नहीं है।
भीमा यादव, वार्डवासी

वार्ड के भीतर सड़क, नाली और सफाई की समस्या है। बारिश के समय सड़क में गढ्डे होने के कारण जलभराव रहता है। आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा वार्ड के भीतर और कई समस्याएं है जिसके कारण वार्डवासियों को परेशान होना पड़ता है।
जयदेव गायकी, वार्डवासी

वार्ड के भीतर किए कई कामकाज: पार्षद
कुछ वर्ष में वार्ड के भीतर कई कामकाज किए है। जिसमें सड़क, नाली शामिल है। चुन्नीढाना क्षेत्र में पांच सीसी रोड का निर्माण किया गया। 6 सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर लगे हुए है। अमृत पार्क में ओपन जिम बनाई गई। वार्ड के भीतर डामरीकरण भी होना है जो बारिश के बाद किया जाएगा। 7.5 लाख लीटर क्षमता वाली टंकी का निर्माण कार्य भी हो रहा है जिससे पानी की समस्या कम होगी। 180 एलईडी लाईट लगाए है। साफ सफाई के लिए नियमित कचरा गाड़ी चल रही है।
विजय जसूजा, पार्षद, गणेश वार्ड




