Betul News: बचपन की दोस्ती, साथ नौकरी और एक साथ रिटायरमेंट

तीन दोस्तों की अनोखी विदाई, कहीं छलके आंसू तो कहीं बच्चों संग बांटी खुशियां
Betul News: बैतूल। सरकारी सेवा में एक साथ प्रवेश और फिर एक ही दिन सेवा निवृत्त होना हर किसी के नसीब में नहीं होता। बैतूल में 30 जून को ऐसा ही भावुक और यादगार संयोग देखने को मिला, जब बचपन के तीन दोस्त नागरिक बैंक के प्रबंधक नवनीत डुडु श्रीवास, वन विभाग के कर्मचारी राजेन्द्र सिंह परिहार और शिक्षा विभाग के रमेश पवार एक साथ शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हुए। तीनों की दोस्ती बचपन से रही, साथ पढ़ाई की और अब सरकारी सेवा की लंबी पारी भी लगभग साथ ही पूरी की।
सेवानिवृत्ति के अवसर पर तीनों का अलग-अलग विभागों में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। नागरिक बैंक के पूर्व प्रबंधक नवनीत श्रीवास और शिक्षक रमेश पवार ने अपने विदाई दिवस को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए विवेकानंद वार्ड स्थित प्राथमिक विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों के साथ समय बिताया। उन्होंने बच्चों को शैक्षणिक सामग्री, छाते एवं अन्य उपयोगी उपहार भेंट किए। बच्चों के चेहरों पर खुशी देखते ही बन रही थी। इस अवसर पर मनोज जोशी और रितेश पवार सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।
भावुक हो उठे कर्मचारी
वहीं, वन विभाग में पदस्थ रहे राजेन्द्र सिंह परिहार का विदाई समारोह बेहद भावुक रहा। वर्षों तक साथ काम करने वाले अधिकारी और कर्मचारी उनसे बिछड़ने की कल्पना मात्र से भावुक हो उठे। कार्यक्रम के दौरान कई महिला एवं पुरुष कर्मचारी अपने आंसू नहीं रोक सके। रुंधे गले से सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए कार्यकाल की यादें साझा कीं और उनके सरल स्वभाव, सहयोगी व्यक्तित्व तथा कार्य के प्रति समर्पण की सराहना की।
स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित
परिक्षेत्र अधिकारी शैलेन्द्र चौरसिया सहित वन विभाग के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें शॉल-श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। तीनों मित्रों की यह अनूठी यात्रा इस बात का उदाहरण बन गई कि सच्ची दोस्ती समय के हर पड़ाव पर कायम रहती है। बचपन से लेकर सरकारी सेवा की अंतिम पारी तक साथ निभाने वाले इन मित्रों की विदाई ने पूरे दिन को भावनाओं और यादों से भर दिया।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




