Ward Parikrama: जाकिर हुसैन वार्ड में पानी-नाली, सड़क की समस्या

पार्षद ने लगाया भेदभाव करने का आरोप

Ward Parikrama: बैतूल। नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 24 जाकिर हुसैन वार्ड में आज भी कई मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। रेलवे पटरी पार स्थित इस वार्ड के रहवासी लंबे समय से पानी, नाली, सड़क और नियमित सफाई जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। वार्ड के कई हिस्सों में अब भी पक्की सड़कें नहीं बन पाई हैं, जिससे बरसात के दिनों में लोगों का आवागमन मुश्किल हो जाता है। जगह-जगह कीचड़ और जलभराव के कारण नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

वार्ड के अनेक क्षेत्रों में नालियों का निर्माण अधूरा है। नालियां नहीं होने या क्षतिग्रस्त होने के कारण घरों का गंदा पानी सड़कों पर फैलता है, जिससे गंदगी और मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित सफाई व्यवस्था भी प्रभावी नहीं है, जिसके चलते कई स्थानों पर कचरे के ढेर दिखाई देते हैं।

इस वार्ड की पार्षद नंदनी तिवारी ने नगर पालिका प्रशासन पर विकास कार्यों के लिए बजट आवंटन में भेदभाव करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि प्रस्ताव भेजने के बावजूद वार्ड को पर्याप्त राशि उपलब्ध नहीं कराई जा रही, जिससे आवश्यक विकास कार्य अधूरे पड़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अन्य वार्डों की तुलना में उनके वार्ड की लगातार उपेक्षा की जा रही है।

हालांकि, स्थिति पहले की अपेक्षा कुछ बेहतर हुई है। सांझवीर टाइम्स की पिछली वार्ड परिक्रमा के दौरान वार्ड की हालत काफी खराब थी, लेकिन इसके बाद कुछ क्षेत्रों में पक्की सड़कों और नालियों का निर्माण कराया गया है। इन कार्यों से संबंधित मोहल्लों के लोगों को राहत मिली है और आवागमन भी पहले की तुलना में आसान हुआ है।

इसके बावजूद वार्ड के कई हिस्सों में अब भी विकास कार्यों की आवश्यकता बनी हुई है। नागरिकों का कहना है कि जब तक पूरे वार्ड में सड़क, नाली, पेयजल और सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं समान रूप से उपलब्ध नहीं होंगी, तब तक लोगों की समस्याएं समाप्त नहीं होंगी। वार्डवासियों ने नगर पालिका से शेष क्षेत्रों में भी शीघ्र विकास कार्य शुरू कराने और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।

क्या कहते हैं वार्डवासी

वार्ड में पेयजल की समस्या लगातार बनी हुई है। एक-दो दिन के अंतराल में पानी की सप्लाई तो हो रही है, लेकिन अधिकांश घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाता। कई लोग मोटर पंप लगाकर पानी खींच लेते हैं, जिससे अन्य घरों में पानी की किल्लत और बढ़ जाती है। इसके अलावा वार्ड में नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी की समस्या बनी रहती है। कई-कई दिनों तक सफाई कर्मचारी नहीं आते।

फूलवती बघेल, वार्डवासी

वार्ड के भीतर एक विद्युत पोल काफी समय से झुका हुआ है। तेज हवा चलने पर उसके गिरने का खतरा बना रहता है। इस संबंध में पार्षद, नगर पालिका और विद्युत वितरण कंपनी से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। केवल आश्वासन ही मिले हैं।

रासीदा बानो, वार्डवासी

वार्ड में पानी और सफाई दोनों की समस्या बनी हुई है। सफाई कर्मचारी कभी-कभार ही सफाई करने आते हैं, जिसके कारण लोगों को अपने घरों के सामने स्वयं सफाई करनी पड़ती है। वहीं घरों में बहुत कम मात्रा में पानी की सप्लाई हो रही है, जिससे दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

सुशीला बाई चौकसे, वार्डवासी

वार्ड में सड़क तो बना दी गई, लेकिन पानी निकासी के लिए नाली का निर्माण नहीं किया गया। कई बार पार्षद से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। नाली नहीं होने से बारिश और घरों का पानी सड़कों पर जमा हो जाता है। इसके अलावा वार्ड में एक पेड़ की कटाई की मांग भी लंबे समय से लंबित है।

नियति वर्मा, वार्डवासी

लड़-झगड़कर कराना पड़ रहा है विकास कार्य : पार्षद

मैं कांग्रेस की पार्षद हूं, इसलिए वार्ड के विकास कार्यों के लिए बजट आवंटन में भेदभाव किया जा रहा है। कई बार अधिकारियों से बहस और संघर्ष के बाद ही काम आगे बढ़ पाता है। पर्याप्त बजट नहीं मिलने के विरोध में मैंने पिछली परिषद की बैठक बीच में ही छोड़ दी थी। उस समय मेरे वार्ड के लिए केवल 15 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया था। इसके बावजूद मैंने वार्ड के कई हिस्सों में सड़क और नाली निर्माण के कार्य कराए हैं। दो-तीन नई सड़कों के टेंडर भी जारी हो चुके हैं। वार्डवासियों द्वारा जो भी समस्याएं मेरे संज्ञान में लाई जाती हैं, उनका समाधान कराने का हरसंभव प्रयास करती हूं।

नंदनी तिवारी, पार्षद, जाकिर हुसैन वार्ड

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button