Betul Samachar: 15 फीट की ऊंचाई पर मौत का झूला! 11 केवी लाइन के नीचे से गुजर रहीं स्कूल बसें

कारगिल चौक-गाड़ाघाट मार्ग पर हादसे का इंतजार कर रहा सिस्टम

Betul Samachar: बैतूल। कारगिल चौक से गाड़ाघाट तक निर्माणाधीन सड़क पर लापरवाही और अनदेखी का ऐसा नजारा सामने आया है, जो किसी बड़े हादसे को खुला निमंत्रण देता दिखाई दे रहा है। सड़क चौड़ीकरण और बिजली पोल शिफ्टिंग के कार्य के बीच गाढ़ा घाट नाले के ऊपर 11 केवी विद्युत लाइन के तार खतरनाक रूप से झूल रहे हैं।

तार सड़क से महज करीब 15 फीट की ऊंचाई पर लटक रहे हैं, जबकि इसी मार्ग से प्रतिदिन स्कूल बसें, भारी वाहन और यात्री वाहन गुजरते हैं। बताया जा रहा है कि एक पेड़ की शाखा काटते समय तारों के ऊपर गिरने से तार झूल कर लटक रहे हैं, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से इन्हें दुरुस्त करने में बरती जा रही कोताही बड़े हादसे को जन्म दे रही है।

90 लाख का ठेका, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था नदारद

जानकारी के अनुसार बिजली पोल शिफ्टिंग के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा करीब 90 लाख का ठेका जारी किया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार्य की गति बेहद धीमी है और सुरक्षा मानकों का पालन भी नहीं किया जा रहा। बताया जा रहा है कि संबंधित ठेकेदार को ग्रामीण क्षेत्रों में कार्य करने का अनुभव तो है, लेकिन शहरी क्षेत्र में पहली बार इतना बड़ा काम मिलने के कारण अनुभव की कमी मौके पर साफ दिखाई दे रही है।

पेड़ कटाई के दौरान टूटी शाखा

स्थानीय नागरिकों के मुताबिक कुछ दिन पहले नाले के पास सड़क निर्माण के लिए पेड़ों की कटाई कराई गई थी। इसी दौरान एक बड़ी शाखा टूटकर सीधे बिजली के तारों पर गिर गई। शाखा के दबाव से तार नीचे झूल गए, लेकिन उन्हें आज तक दुरुस्त नहीं किया गया। हालत यह है कि तार अब सामान्य ऊंचाई से काफी नीचे आ चुके हैं और किसी भी समय खतरे का कारण बन सकते हैं।

स्कूल बसों और भारी वाहनों पर मंडरा रहा खतरा

विद्युत विशेषज्ञों का कहना है कि झूल रहे तारों में 11 केवी विद्युत प्रवाहित हो रही है। ऐसी लाइन के करीब दो से तीन फीट की दूरी भी जानलेवा साबित हो सकती है। यदि कोई ऊंचा वाहन, ट्रक या स्कूल बस इन तारों के संपर्क में आ गई तो बड़ा हादसा और जनहानि हो सकती है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों द्वारा स्थिति को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा।

निरीक्षण के बजाय कागजी निर्देशों तक सीमित अधिकारी

स्थानीय लोगों का कहना है कि अधिकारी केवल बैठकों और कागजी निर्देशों तक सीमित हैं, जबकि मौके पर निरीक्षण नहीं किया जा रहा। नागरिकों ने प्रशासन, विद्युत विभाग और पीडब्ल्यूडी से तत्काल हस्तक्षेप कर झूलते तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर शिफ्ट करने तथा संभावित हादसे को रोकने की मांग की है। अब सवाल यह है कि क्या जिम्मेदार विभाग किसी दुर्घटना का इंतजार कर रहे हैं या समय रहते कार्रवाई होगी?

इनका कहना….

 झूलते तारों को दुरुस्त करने और तेजी से काम किए जाने के लिए आज ही ठेकेदार को निर्देशित किया है। मौके का निरीक्षण कर प्राथमिकता से तार दुरुस्त करवाएंगे।

सिद्धार्थ यदु, जेई, बिजली कंपनी, बैतूल

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें

👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t

बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button