Betul Ki Khabar: 18 जून को कोठीबाजार में नहीं लगेगा साप्ताहिक सब्जी बाजार

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन को लेकर प्रशासन सतर्क, सुरक्षा और प्रोटोकॉल के मद्देनजर लिया फैसला

Betul Ki Khabar: बैतूल। आगामी 18 जून गुरुवार को शहर के कोठीबाजार क्षेत्र में लगने वाला साप्ताहिक सब्जी बाजार आयोजित नहीं किया जाएगा। नगर पालिका प्रशासन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित बैतूल दौरे और लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को देखते हुए यह निर्णय लिया है। इस संबंध में नपा द्वारा आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं तथा बाजार से जुड़े व्यापारियों और सब्जी विक्रेताओं को भी इसकी सूचना दी जा रही है।

नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पांडे ने बताया कि 18 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में आगमन प्रस्तावित है। कार्यक्रम में प्रदेश के राज्यपाल, मुख्यमंत्री सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं राजनीतिक हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियों द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कोठीबाजार में लगने वाले साप्ताहिक सब्जी बाजार को एक दिन के लिए प्रतिबंधित किया गया है।

प्रशासन का कहना है कि साप्ताहिक बाजार के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। वीआईपी मूवमेंट और कार्यक्रम स्थल के आसपास यातायात नियंत्रण की दृष्टि से भी यह कदम आवश्यक माना गया है। नपा द्वारा मुनादी कराकर सब्जी विक्रेताओं और व्यापारियों को निर्णय की जानकारी दी जाएगी ताकि किसी प्रकार की असुविधा या भ्रम की स्थिति न बने।

नगर पालिका प्रशासन ने सभी दुकानदारों, सब्जी विक्रेताओं और आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते कहा है कि राष्ट्रपति के आगमन जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम को सफल और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। अधिकारियों के अनुसार यह व्यवस्था केवल 18 जून के लिए लागू रहेगी और इसके बाद बाजार पूर्ववत संचालित होगा।

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के मुख्य आतिथ्य में 18 जून को आयोजित होने वाले आध्यात्मिक जागृति से जनजातीय समाज का सशक्तिकरणÓ कार्यक्रम की तैयारियों का शनिवार को कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे एवं पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम पहुंचकर निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान ब्रह्मकुमारी संस्थान के प्रतिनिधि, अपर कलेक्टर मकसूद अहमद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपूसे सहित व्यवस्थाओं के लिए नियुक्त कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर मुख्य अतिथि के आगमन, ग्रीन रूम, मंच व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, सेक्टर निर्माण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

इसके अलावा अधिकारियों ने राष्ट्रपति के आगमन एवं आवागमन मार्गों का भी निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ. सोनवणे एवं एसपी जैन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रोटोकॉल के अनुरूप समस्त व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करना सुनिश्चित करें, ताकि कार्यक्रम का सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन किया जा सके।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button