Politics: राजनीतिक हलचल: पार्टी के सख्त संदेश से क्यों बढ़ी बेचैनी?? पेड मीडिया के नरेटिव मॉडल की आखिर क्यों हो रही चर्चा???किस नेता जी के बधाई संदेश के निकल रहे मायने???? विस्तार से पढ़िए हमारे चर्चित कॉलम राजनीतिक में……

पार्टी के सख्त संदेश से बढ़ी बेचैनी
जब से एक प्रमुख पार्टी के हाईकमान की ओर से यह सख्त निर्देश आया है कि अब कोई भी जिला अध्यक्ष आगामी चुनाव नहीं लड़ेगा, तब से संगठन के भीतर मानो हलचल कम और सन्नाटा ज्यादा फैल गया है। जो जिला अध्यक्ष अभी तक संगठन की धड़कन बने घूम रहे थे, उनके चेहरे पर अब मुस्कान कम और सोच की लकीरें ज्यादा नजर आने लगी हैं।
चर्चा है कि इस फैसले का सबसे गहरा असर उन नेताओं पर पड़ा है, जो वर्षों से संगठन में रहते हुए भी चुनावी मैदान में उतरने का सपना संजोए बैठे थे। अचानक आए इस फरमान ने कई दिग्गजों के राजनीतिक समीकरण ही नहीं बिगाड़े, बल्कि उनके राजनीतिक भविष्य पर भी प्रश्नचिह्न लगा दिया है। चर्चा यह भी है कि एक जिला अध्यक्ष इस निर्णय के बाद इतने आहत हुए कि उनका मन खट्टा हो गया। वे लगातार कुछ दिनों तक सार्वजनिक कार्यक्रमों से भी दूरी बनाए रहे और स्वास्थ्य भी थोड़ा बिगड़ गया।
पार्टी के भीतर इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं।कोई इसे अनुशासन की मजबूती बता रहा है तो कोई इसे महत्वाकांक्षाओं पर लगाम। हालांकि संगठन के वरिष्ठ नेताओं का तर्क है कि यह फैसला नए नेतृत्व को मौका देने की रणनीति का हिस्सा है, लेकिन जमीनी सच्चाई यह है कि कई पुराने खिलाड़ी अब खुद को पारी से बाहर होता देख रहे हैं। राजनीति में वैसे भी कहा जाता है कि यहां फैसले कम, और उनके असर ज्यादा दूर तक महसूस होते हैं।
पेड मीडिया का नरेटिव मॉडल चर्चा में
विपक्षी खेमे में इन दिनों एक नया नरेटिव मैनेजमेंट मॉडल चर्चा का विषय बना हुआ है। अंदरखाने से जो बातें छनकर बाहर आ रही हैं, उनके मुताबिक पार्टी की पेड मीडिया यूनिट को साफ निर्देश दिए गए हैं कि हर मुद्दे को किसी न किसी तरह प्रदेश अध्यक्ष के गृह क्षेत्र या उनके जिले से जोड़कर पेश किया जाए।
अब आलम यह है कि अगर कहीं सड़क पर गड्ढा दिख जाए तो उसकी जिम्मेदारी भी ‘प्रदेश अध्यक्ष के जिले की उपेक्षाÓ बताई जा रही है, और अगर किसी मोहल्ले में पानी की टंकी ओवरफ्लो हो जाए तो उसे भी ‘प्रदेश अध्यक्ष की प्रशासनिक विफलताÓ से जोड़कर परोसा जा रहा है। हद तो तब हो गई जब एक सामान्य घरेलू विवाद को भी राजनीतिक चश्मे से देखने की कोशिश की गई।
राजनीतिक हलकों में इस रणनीति को लेकर अब हल्की मुस्कुराहट और भारी व्यंग्य दोनों साथ-साथ चल रहे हैं। समर्थक इसे ‘मास्टरस्ट्रोक कम्युनिकेशनÓ बता रहे हैं, जबकि विपक्षी खेमे के ही कई नेता दबे स्वर में कह रहे हैं कि अब तो हर समस्या का ठीकरा एक ही सिर पर फोड़ने की आदत सी बनती जा रही है।
हालात यह हैं कि जनता भी अब इन अतिरंजित जोड़-तोड़ से ऊबने लगी है। चाय की दुकानों पर चर्चा का नया विषय यही है कि ‘अगर कल बारिश ज्यादा हो गई तो कहीं उसका कारण भी प्रदेश अध्यक्ष का गृह जिला तो नहीं बता दिया जाएगा?Ó राजनीति में आलोचना और व्यंग्य स्वाभाविक हैं, लेकिन जब हर घटना को एक ही चश्मे से देखने की कोशिश की जाए तो वह व्यंग्य कम और अतिशयोक्ति का अभ्यास ज्यादा लगने लगता है।
फिलहाल इस ‘कनेक्शन राजनीतिÓ ने विपक्षी नेताओं को चर्चा में तो जरूर ला दिया है, साथ ही हल्की-फुल्की जग-हंसाई का स्वाद भी उनके हिस्से में बढ़ा दिया है।
बधाई संदेश के निकल रहे मायने
शाहपुर की राजनीति में इन दिनों एक बधाई संदेश ने ऐसा तापमान बढ़ाया है कि संगठन से लेकर चाय की दुकानों तक चर्चा गर्म हो गई है। मामला हाल ही में कांग्रेस में पदाधिकारी बनाए गए एक युवा नेता से जुड़ा है, जिन्होंने अपने ही क्षेत्र के सत्तारूढ़ दल के वरिष्ठ नेता को जन्मदिन की बधाई देकर स्थानीय राजनीति में नई बहस छेड़ दी है।
चौंकाने वाली बात यह रही कि बधाई संदेश में उन्होंने उक्त नेता को मित्र बताने में भी कोई संकोच नहीं किया। बस फिर क्या था, सोशल मीडिया की इस छोटी सी पोस्ट ने राजनीतिक गलियारों में बड़े-बड़े अर्थ निकाल दिए। जहां एक तरफ इसे ‘शिष्टाचारÓ माना जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ इसे ‘अंदरूनी जुगलबंदीÓ के संकेत के तौर पर देखा जाने लगा। पार्टी के भीतर ही कुछ स्थानीय नेताओं के कान खड़े हो गए।
चर्चा है कि असंतुष्ट खेमे ने इसे गंभीरता से लेते हुए जिला प्रमुख तक शिकायत पहुंचा दी है। शिकायत में इसे ‘सांठगांठ की झलकÓ बताते हुए संगठनात्मक अनुशासन का मुद्दा उठाया गया है। अब स्थिति यह है कि एक साधारण सी जन्मदिन की बधाई राजनीतिक गणित के सबसे पेचीदा सवाल में बदल गई है, जहां हर शब्द का अर्थ निकाला जा रहा है और हर मुस्कान के पीछे संभावनाएं तलाश ली जा रही हैं।
राजनीति में रिश्तों की परिभाषा अक्सर सुविधा और परिस्थिति के हिसाब से बदलती रहती है, लेकिन यहां मामला थोड़ा अलग मोड़ ले गया है।
समर्थक इसे ‘शालीन राजनीतिक परंपराÓ बता रहे हैं, जबकि विरोधी इसे ‘अंदरूनी सेटिंग का संकेतÓ मानकर सवाल उठा रहे हैं। अब निगाहें जिला संगठन पर टिकी हैं कि इस ‘बधाई कांडÓ को वे सामान्य शिष्टाचार मानते हैं या फिर इसे संगठनात्मक अनुशासन की कसौटी पर कसते हैं। फिलहाल शाहपुर की राजनीति में चर्चा यही है कि एक बधाई ने रिश्तों को करीब किया है या दूरी बढ़ा दी है, इसका जवाब आने वाला वक्त ही देगा।




