Betul News: तीन वार्ड के लोगों को तीसरी लाइन के लिए मिलेगा वैकल्पिक मार्ग

सांझवीर की खबर और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत के हस्तक्षेप के कुछ घंटे में ही निकला समाधान
Betul News: बैतूल। रेलवे स्टेशन के सामने स्थित रामनगर, जाकिर हुसैन और जय प्रकाश वार्ड के सैकड़ों परिवारों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। रेलवे द्वारा तीसरी एवं चौथी रेल लाइन विस्तार कार्य के तहत क्षेत्र में दीवार निर्माण किए जाने से स्थानीय नागरिकों के आवागमन का प्रमुख मार्ग बंद होने की आशंका निर्मित हो गई थी। इससे रहवासियों में भारी चिंता और आक्रोश व्याप्त था।
सांझवीर टाईम्स ने नागरिकों की इस गम्भीर समस्या को लेकर गतांक में प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया। इसके बाद यह मामला सीधे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल के संज्ञान में आते ही उन्होंने तत्काल हस्तक्षेप करते समस्या के समाधान के निर्देश दिए, इसके बाद रेलवे अधिकारियों ने दो स्थानों से रास्ता उपलब्ध कराने पर सहमति जता दी।
पूर्व रेल सलाहकार समिति सदस्य दीपक सलूजा ने बताया कि क्षेत्रवासियों की परेशानी सामने आने के बाद विधायक हेमंत खंडेलवाल ने तुरंत मामले को गंभीरता से लिया। उनके निर्देश पर स्थानीय नागरिकों के साथ मौके का निरीक्षण किया गया और रेलवे अधिकारियों से चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान स्पष्ट हुआ कि यदि प्रस्तावित दीवार बिना वैकल्पिक व्यवस्था के खड़ी कर दी जाती तो इस क्षेत्र में रामनगर, जाकिर हुसैन और जय प्रकाश वार्ड में रहने वाले क्षेत्र में रहने वाले लगभग 10 हजार नागरिको का मुख्य आवागमन मार्ग प्रभावित हो जाता।बताया जा रहा है कि जैसे ही दीवार खड़ी होना शुरू हुआ स्थानीय नागरिक सकते में आ चुके थे।
रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक में बनी सहमति
सलूजा ने बताया कि मौके के निरीक्षण के पश्चात रेलवे अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक आयोजित की गई। चर्चा के दौरान अधिकारियों को क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और नागरिकों की दैनिक आवश्यकताओं से अवगत कराया गया। स्थिति को समझने के बाद रेलवे अधिकारियों ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए दो अलग-अलग स्थानों से आवागमन के लिए रास्ता उपलब्ध कराने की सहमति दे दी। इससे क्षेत्रवासियों को घरों तक पहुंचने में आने वाली संभावित कठिनाइयों से राहत मिल सकेगी।
भौगोलिक स्थिति के कारण रास्ता था बेहद महत्वपूर्ण
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि रामनगर जाकिर हुसैन और जय प्रकाश वार्ड का यह हिस्सा दो ओर से माचना नदी और खेतों से घिरा हुआ है। ऐसे में रेलवे लाइन के समीप स्थित मार्ग ही लोगों के आने-जाने का प्रमुख और व्यावहारिक रास्ता है। यदि यह मार्ग बंद हो जाता तो विद्यार्थियों, बुजुर्गों, महिलाओं और रोजमर्रा के कामकाज के लिए बाहर जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता।
इस मुद्दे को सबसे पहले रेल यात्री सुरक्षा समिति अध्यक्ष रमेश भाटिया ने उठाया था और विधायक तक स्थानीय लोगों की चिंता पहुंचाई थी। समस्या का त्वरित समाधान होने के बाद क्षेत्र के नागरिकों ने सांझवीर टाईम्स, विधायक हेमंत खंडेलवाल, रेलवे अधिकारियों, दीपक सलूजा एवं अन्य जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी जनहित से जुड़े मामलों में इसी तरह संवेदनशीलता दिखाई जाएगी।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




