Navtapa 2026: प्रचण्ड गर्मी के साथ नौतपा का धमाकेदार आगाज

पहले ही दिन 42 डिग्री पहुंचा तापमान, उमस ने किया बेहाल
Navtapa 2026: बैतूल (सांझवीर टाईम्स)। सोमवार से नौतपा की शुरुआत होते ही जिले में भीषण गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। नौतपा के पहले ही दिन अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे दिनभर आम जनजीवन प्रभावित रहा।
सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान कर दिया, वहीं दोपहर के समय सडक़ों पर सन्नाटा देखने को मिला। हालाकि दोपहर में आसमान में बादल छाने के कारण उमस और बढ़ गई थी। दोपहर के बादलों और सूरज के बीच लूका-छूपी का खेल चलते रहा।
मौसम विभाग के अनुसार नौतपा की अवधि 25 मई से 2 जून तक मानी जाती है। इस दौरान सूर्य की किरणें पृथ्वी पर सीधी पड़ती हैं, जिससे तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होती है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि आगामी 28 मई तक जिले में तेज गर्मी का असर बना रहेगा। इसके बाद यदि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होता है तो कुछ राहत मिलने की संभावना है, अन्यथा नौतपा के पूरे नौ दिन भीषण गर्मी से लोगों को जूझना पड़ सकता है।
सडक़ों पर नजर नहीं आ रही भीड़
नौतपा के पहले दिन सुबह से ही सूरज की तीखी किरणों ने असर दिखाना शुरू कर दिया था। जैसे-जैसे दिन बढ़ता गया, तापमान और गर्मी का प्रभाव भी बढ़ता गया। दोपहर होते-होते बाजारों में भीड़ कम हो गई और लोग घरों में ही रहने को मजबूर नजर आए। गर्मी से बचने के लिए लोग शीतल पेय पदार्थ, जूस और ठंडे पेय का सहारा लेते दिखे। शहर में जूस की दुकानों पर लोगों की भीड़ भी देखी गई।
अस्पताल में बढ़ रही मरीजों की संख्या
बैतूल जिला अस्पताल में भी गर्मी के कारण मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी देखी जा रही है। अस्पताल की ओपीडी में रोजाना लगभग 700 से 800 मरीज पहुंच रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार गर्मी के इस मौसम में उल्टी, दस्त, डिहाइड्रेशन और लू लगने के मामलों में इजाफा हो रहा है। चिकित्सकों ने लोगों को सलाह दी है कि गर्मी के समय पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और खाली पेट घर से बाहर न निकलें।
डॉक्टरों का कहना है कि लू से बचने के लिए सिर को ढककर रखना, गमछा, टोपी और चश्मे का उपयोग करना बेहद जरूरी है। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि नौतपा के दौरान तापमान सामान्य से अधिक रहता है, इसलिए बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। यदि आवश्यक न हो तो दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए। इस तरह नौतपा के पहले ही दिन भीषण गर्मी ने लोगों की परीक्षा लेना शुरू कर दिया है और आने वाले दिनों में राहत की उम्मीद फिलहाल कम ही दिखाई दे रही है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




