Betul Samachar: भोपाल-दिल्ली की टीम की विद्यार्थियों के साथ बंद कमरे में एक घंटे तक चर्चा
Betul News: Bhopal-Delhi team discussed with students in a closed room for an hour.

टीम ने स्थानीय अधिकारियों के साथ छात्रावास-मेस का भी निरीक्षण
Betul Samachar: बैतूल/शाहपुर। शाहपुर के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में अव्यवस्थाओं को लेकर विद्यार्थियों के सड़क पर उतरने के बाद मामला गरमा गया है। कलेक्टर से लेकर केंद्रीय मंत्री और विधायक तक को विद्यार्थियों की समस्या ओं को लेकर खुद हस्तक्षेप करना पड़ा। अब दिल्ली और भोपाल से आई उच्च स्तरीय टीम ने छात्रों से सीधे बातचीत कर जांच शुरू की है। इससे आवासीय विद्यालय में हड़कंप मच गया है।
कुछ दिन पहले एकलव्य आवासयीय विद्यालय के करीब 130 विद्यार्थी घटिया भोजन और कई समस्या को लेकर कलेक्टर से मिलने बैतूल के लिए निकल पड़े थे। हालांकि कलेक्टर के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने बरेठा पहुंचकर छात्र-छात्राओं को वापस शाहपुर लाया था। यहां उन्होंने छात्र-छात्राओं से बंद कमरे में चर्चा की तो कई खामियां मिली। विद्यार्थियों से चर्चा के बाद केंद्रीय मंत्री ने विभाग के अधिकारियों से फोन पर चर्चा कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। नतीजा यह हुआ कि प्राचार्य पंकज शरण को अगले ही दिन भोपाल अटैच कर दिया गया। इसके बाद अन्य लोगों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
दिल्ली-भोपाल से आई जांच टीम
शनिवार सुबह भोपाल से आदिवासी छात्र समिति आयुक्त आईएएस अजीत कुमार श्रीवास्तव, एमपी सरस आयुक्त आईएएस श्रीमन शुक्ला और सलाहकार मृदुल त्रिपाठी शाहपुर पहुंचे। टीम के पहुंचते ही स्कूल का मुख्य द्वार बंद कर दिया गया, ताकि कोई बाहरी व्यक्ति अंदर न जा सके। जानकारी के अनुसार टीम ने पहले विद्यार्थियों से बंद कमरे में करीब 1 घंटे तक चर्चा की।
सूत्र बताते हैं कि इस दौरान विद्यार्थियों ने एकलव्य आवासीय विद्यालय की अव्यवस्था को लेकर दिल्ली-भोपाल से पहुंची टीम के सामने अपनी बात खुलकर रखी। विद्यार्थियों से चर्चा के बाद अफसरों की टीम ने आवासीय विद्यालय परिसर में स्थित कन्या और बालक छात्रावास का बारिकीय से मुआयना किया। साथ ही मेस का भी सूक्ष्म अवलोकन किया है। इस दौरान एसडीएम शाहपुर प्रपंच आरके जैन, सहायक आयुक्त विवेक पांडे पूरे समय मौजूद रहे।
मीडिया से बचते दिखे अफसर
निरीक्षण के बाद मीडिया से चर्चा में आयुक्त अजीत कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि हम हाल ही में हुई घटनाओं की जांच करने आए हैं और तथ्यों को देख रहे हैं। हालांकि पत्रकारों के पूछे अधिकांश सवालों का उन्होंने सीधे जवाब नहीं दिया और बातों को टालते रहे। इसके बाद संभावना दिखाई दे रही है कि जांच रिपोर्ट सौंपने पर आवासीय विद्यालय की लापरवाही मामले में बड़ी कार्रवाई हो सकती है।
स्टाफ नर्स-काउंसलर की सेवा समाप्त, मेस ठेकेदार का अनुबंध निरस्त
एकलव्य आवासीय विद्यालय में विद्यार्थियों की गंभीर शिकायत के बाद केंद्रीय मंत्री, घोड़ाडोंगरी विधायक और कलेक्टर की नाराजगी के बाद प्राचार्य पकंज शरण को भोपाल अटैच किया गया जा चुका है। इसके बाद शुक्रवार को जनजातीय कार्य विभाग के सहआयुक्त ने आवासीय विद्यालय में अनिमित्ताओं पर स्टाफ नर्स सोनम हनोते और काउंसलर पूजा दुबे के खिलाफ अनुशानात्मक कार्रवाई की थी। कलेक्टर से प्राप्त प्रतिवेदन के बाद स्टाफ नर्स और काउंसलर की सेवा समाप्त कर दी गई है। इसके अलावा मेस ठेकेदार आलोक सिंह की निविदा और अनुबंध की शर्तों के अनुसार पेनाल्टी अधिरोपित करते हुए अनुबंध निरस्त करने के निर्देश दिए।




