Betul Sadar Market: सदर बाजार में सड़क का बाजार हुआ किनारे

आपातकालीन सेवाओं के लिए रास्ता हुआ साफ, नागरिकों को मिली बड़ी राहत
Betul Sadar Market: बैतूल। शहर के सदर बाजार क्षेत्र में रविवार और गुरुवार को सड़क पर लगने वाले अव्यवस्थित बाजार की वर्षों पुरानी समस्या अब काफी हद तक सुलझती नजर आ रही है। नगर पालिका और पुलिस प्रशासन की संयुक्त सख्ती के बाद अब सब्जी, फल-फ्रूट, मनिहारी और अन्य अस्थायी दुकानें सड़क के बीच की बजाय किनारों पर व्यवस्थित रूप से लगाई जा रही हैं। इससे आम नागरिकों को राहत मिलने के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं के लिए भी रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।
बीच सड़क तक फैल जाता था बाजार
सदर क्षेत्र में लंबे समय से स्थिति यह थी कि शिव मंदिर चौराहे से लेकर ओवरब्रिज के नीचे तक दुकानदार सड़क के किनारों के साथ बीच सड़क पर भी दुकानें सजा लेते थे। बाजार लगने के दौरान वाहनों की आवाजाही लगभग ठप हो जाती थी और केवल पैदल चलने भर की जगह बचती थी। सबसे बड़ी समस्या यह थी कि एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, स्कूल बस और अन्य जरूरी सेवाओं के वाहन जाम में फंस जाते थे, जिससे कई बार लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
कई प्रयास रहे असफल
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, पहले भी कई बार बाजार को व्यवस्थित करने की कोशिशें की गईं, लेकिन प्रशासनिक इच्छाशक्ति की कमी और लगातार मॉनिटरिंग नहीं होने से व्यवस्था ज्यादा समय तक कायम नहीं रह पाती थी। कार्रवाई के कुछ दिनों बाद फिर से दुकानें सड़क पर फैलने लगती थीं और हालात पहले जैसे हो जाते थे।
प्रशासन की सख्ती लाई असर
हाल ही में नगर पालिका सीएमओ नवनीत पांडेय और एसडीओपी सुनील लाटा द्वारा व्यापारियों एवं संबंधित विभागों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद संयुक्त अभियान शुरू किया गया और लगातार निगरानी रखी गई। प्रशासन की सख्ती और नियमित मॉनिटरिंग का असर अब स्पष्ट दिखाई देने लगा है। दुकानदारों ने भी व्यवस्था का पालन करना शुरू कर दिया है।
नागरिकों ने ली राहत की सांस
सड़क व्यवस्थित होने के बाद आम नागरिकों ने राहत महसूस की है। बाजार क्षेत्र में अब वाहनों की आवाजाही पहले की तुलना में काफी सुगम हो गई है। लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन इसी तरह लगातार निगरानी बनाए रखे तो यह व्यवस्था स्थायी रूप ले सकती है। स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका और पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना भी की है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




