Betul Over Bridge: ओवर ब्रिज के नीचे अतिक्रमण पर चलेगा बुलडोजर

कलेक्टर ने दिया सख्त कार्यवाही का आश्वासन
Betul Over Bridge: बैतूल। शहर के सदर ओवर ब्रिज के नीचे पीडब्ल्यूडी की बेशकीमती जमीन पर किए गए अतिक्रमण पर अब प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। लंबे समय से अनदेखी का शिकार बना यह मामला अब कलेक्टर सौरभ सोनवणे के संज्ञान में आने के बाद तेजी पकड़ चुका है। कलेक्टर ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि जल्द ही मौके का निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक ओवर ब्रिज के नीचे बड़ी संख्या में लोगों ने अवैध कब्जा कर ट्रैक्टर और ट्रक वर्कशॉप संचालित कर रखी हैं। इन वर्कशॉप के जरिए प्रतिदिन लाखों रुपये का कारोबार किया जा रहा है। इसके अलावा कई लोगों ने यहां अस्थायी और स्थायी रूप से आवास भी बना लिए हैं। धीरे-धीरे यह क्षेत्र पूरी तरह अतिक्रमण की चपेट में आ गया है, जिससे न केवल यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि शासन को भी राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पीडब्ल्यूडी अधिकारियों की लापरवाही और उदासीनता के चलते यह स्थिति उत्पन्न हुई है। समय रहते कार्रवाई नहीं होने से अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद होते गए और अब उन्होंने बड़े पैमाने पर कब्जा जमा लिया है। कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद विभागीय स्तर पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
कलेक्टर सौरभ सोनवणे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे जल्द ही स्थल का निरीक्षण करें और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस सक्रियता के बाद अतिक्रमणकारियों में हड़कंप की स्थिति है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में नगर में अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा सकता है। यदि ऐसा होता है तो ओवर ब्रिज के नीचे का क्षेत्र एक बार फिर अतिक्रमण मुक्त हो सकेगा और शहर की व्यवस्था में सुधार देखने को मिलेगा।
इनका कहना..
ओवर ब्रिज के नीचे अतिक्रमण हुआ है तो अधिकारियों को निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिये जायेंगे। सरकारी जमीन मुक्त करवाई जाएगी।
सौरभ सोनवणे, कलेक्टर बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




