Betul Hospital News: जिला अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत

परिजनों ने इलाज के लिए 7 हजार रूपए लेने का लगाया आरोप
Betul Hospital News: बैतूल। जिला अस्पताल में प्रसव के बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद अस्पताल की प्रसूति सेवाओं और इलाज की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। वहीं परिजनों ने डॉक्टरों पर प्रसव के लिए 7 हजार रुपए लेने का आरोप भी लगाया है, जिससे मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सारनी-पाथाखेड़ा निवासी रोशनी पति रूपेश साहू को प्रसव पीड़ा होने पर शनिवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान सोमवार सुबह महिला का सफल प्रसव हुआ और उसने एक बालक को जन्म दिया। परिवार के अनुसार शुरुआती समय में मां और बच्चा दोनों की स्थिति सामान्य बताई गई थी, लेकिन कुछ ही घंटों बाद रोशनी की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।
स्थिति बिगड़ने के बाद महिला की मौत हो गई। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसकी मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई। अस्पताल प्रबंधन की ओर से भी इस मामले में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। परिजन इस घटना के बाद गहरे सदमे में हैं और स्पष्ट रूप से कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं हैं।
डिलेवरी के लिए रूपए लेने का आरोप
मृतिका के भाई कैलाश उईके, निवासी बगडोना ने आरोप लगाया है कि उनकी बहन सविता ने रोशनी के प्रसव के लिए संबंधित डॉक्टर को 7 हजार रुपए दिए थे। हालांकि परिजन यह स्पष्ट नहीं कर पा रहे हैं कि यह राशि किसे और किस उद्देश्य से दी गई थी। इस आरोप के सामने आने के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्चुरी में भेज दिया गया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। अस्पताल चौकी प्रभारी जयपाल रघुवंशी ने बताया कि महिला की मौत का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने स्वास्थ्य सेवाओं की पारदर्शिता और मरीजों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर चर्चा छेड़ दी है।
इनका कहना…
इलाज के दौरान प्रसव की मौत हो गई है। इस मामले में 7 हजार रूपए लिए जाने की हमारे पास कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत आने पर इसकी जांच कराएंगे और दोषी पाएं जाते है तो कार्रवाईर् की जाएंगी।
डॉ. जगदीश घोरे
सिविल सर्जन, जिला अस्पताल बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




