Betul News: हॉल में सिविल सर्विस डे, बरामदे में जनसुनवाई

सिविल सर्विस डे पर कलेक्ट्रेट में करनी पड़ी दोहरी व्यवस्था
Betul News: बैतूल। मंगलवार को राष्ट्रीय सिविल सर्विस डे के अवसर पर जिला कलेक्ट्रेट में एक ओर जहां हॉल के भीतर सिविल सेवकों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, वहीं दूसरी ओर जनसुनवाई के तय कार्यक्रम को प्रभावित न होने देने के लिए बरामदे में नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं।
जिला प्रशासन ने दोनों गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राजधानी स्तर से आयोजित कार्यक्रम से जिले के अधिकारी सीधे जुड़े।
कार्यक्रम में सिविल सेवकों को उनके कर्तव्यों के प्रति पुन: समर्पित होने और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करने का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने शासन की प्राथमिकताओं, नवाचार और बेहतर प्रशासनिक कार्यप्रणालियों पर चर्चा करते हुए प्रेरणा प्राप्त की।

महिला अधिकारियों ने जनसुनवाई में सुनी लोगों की समस्याएं
इधर मंगलवार को जनसुनवाई का दिन होने के कारण आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए कलेक्ट्रेट परिसर के बरामदे में विशेष व्यवस्था बनाई गई। अपर कलेक्टर वंदना जाट सहित एक अन्य महिला अधिकारी ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रशासन की इस व्यवस्था से यह सुनिश्चित किया गया कि किसी भी नागरिक को परेशानी का सामना न करना पड़े।
नागरिकों की सेवा सुरक्षा का लिया संकल्प
गौरतलब है कि हर वर्ष 21 अप्रैल को ‘नेशनल सिविल सर्विस डेÓ मनाया जाता है। इस दिन का मुख्य आकर्षण प्रधानमंत्री द्वारा लोक प्रशासन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिलों और इकाइयों को पुरस्कार प्रदान करना होता है। यह पुरस्कार उन प्रयासों के लिए दिए जाते हैं, जिनमें सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नवाचार को प्राथमिकता दी गई हो।
इस अवसर पर सिविल सेवक जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को नवीनीकृत करते हैं और नागरिकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प लेते हैं। विभिन्न सत्रों के माध्यम से सुशासन, शिकायत निवारण और प्रशासनिक सुधारों पर विचार-विमर्श भी किया जाता है।
केंद्रीय और राज्य स्तर पर आयोजित इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का उद्देश्य सिविल सेवकों के कार्यों की सराहना करना और उन्हें ‘स्टील फ्रेम ऑफ इंडिया के रूप में उनकी जिम्मेदारी का एहसास कराना है। बैतूल कलेक्ट्रेट में भी इसी भावना के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां एक ओर प्रशासनिक उत्साह नजर आया, वहीं दूसरी ओर जनसेवा की प्राथमिकता भी स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




