Betul Samachar: चलती कार पर कूदा हिरण, विंडस्क्रीन तोड़ अंदर घुसा

कार मालिक घायल, बड़ा हादसा टला, बंजारी माई मंदिर के समीप हुई घटना
Betul Samachar: बैतूल। जिले के रानीपुर रोड पर शनिवार को एक हैरान कर देने वाला हादसा सामने आया, जब तेज रफ्तार से जा रही एक कार पर अचानक जंगल से निकले हिरन ने छलांग लगा दी। हिरन कार की विंडस्क्रीन तोड़ते हुए सीधे अंदर जा घुसा, जिससे कार में सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
इस घटना में कार मालिक घायल हो गए, जबकि चालक की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनेश मन्नासे अपनी कार से रानीपुर की ओर जा रहे थे। वाहन को चालक राजेश रंजन चला रहे थे। जैसे ही कार चिखलार के आगे बंजारी माई मंदिर के पास पहुंची, तभी अचानक एक हिरन जंगल से निकलकर सड़क पर आ गया और कार पर छलांग लगा दी।
देखते ही देखते हिरन ने कार की विंडस्क्रीन को तोड़ दिया और अंदर जा घुसा। अचानक हुई इस घटना से कार के अंदर बैठे लोग घबरा गए, लेकिन चालक राजेश रंजन ने तत्काल ब्रेक लगाकर वाहन को नियंत्रित कर लिया। यदि समय रहते कार नहीं रोकी जाती, तो यह हादसा और भी गंभीर रूप ले सकता था।
घटना में कार मालिक दिनेश मन्नासे को चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चालक इस हादसे में बाल-बाल बच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां सड़क के दोनों ओर घना जंगल है और अक्सर जंगली जानवरों की आवाजाही बनी रहती है।
ऐसे में अचानक जानवरों के सड़क पर आ जाने की घटनाएं यहां आम हैं, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर चेतावनी संकेतक और स्पीड कंट्रोल उपाय बढ़ाने की मांग की है। साथ ही वाहन चालकों को भी इस मार्ग पर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है, ताकि इस तरह के अप्रत्याशित हादसों से बचा जा सके।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




