Betul News: भाजपा मोर्चा में 3 नेताओं को महत्वपूर्ण जवाबदेही से बढ़ा जिले का कद

2 दिन में जारी होगी निगम मण्डल में अध्यक्ष, उपाध्यक्षों की सूची, जिले से किसे मिलेगा मौका?

Betul News: बैतूल। भाजपा में लंबे समय से मोर्चे की प्रदेश कार्यकारिणी घोषित होने पर शनिवार को विराम लग गया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से अनुशंसा के बाद महिला मोर्चा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा और अनुसूचित जनजाति मोर्चा की प्रदेश और कुछ के जिला अध्यक्ष नियुक्त कर दिए गए हैं। पूर्व में भाजपा अनूसूचित जाति मोर्चा की कार्यकारिणी घोषित की जा चुकी है। इन सभी कार्यकारिणी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के गृह जिले के स्थानीय नेताओं को मौका मिला है, इससे जिले का दबदबा प्रदेश की भाजपा राजनीति में और अधिक बढ़ेगा। बीती रात भाजपा महिला मोर्चा की घोषित कार्यकारिणी में ममता मालवीय को प्रदेश मंत्री, पिछड़ा वर्ग की कार्यकारिणी में अतीत पवार को प्रदेश मंत्री और भाजपा अनुसूचित जनजातीय मोर्चे में संतोष टेकाम जैसे नए चेहरे को जिला अध्यक्ष बनाया गया है।

भाजपा में हेमंत खंडेलवाल के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद आमूलचुल परिवर्तन देखने को मिले हैं। सबसे पहले नए अध्यक्ष ने अपनी कार्यकारिणी में युवा नए चेहरे को मौका दिया। इसकी सर्वत्र सराहना की जा रही है। इसके ठीक बाद भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष में दिग्गजों के नाम सामने आने के बावजूद शुजालपुर के युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष श्याम टेलर जैसे नए चेहरे को प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपकर हेमंत खंडेलवाल ने सभी को चौका दिया।

इसके बाद महिला मोर्चा समेत अन्य मोर्चों में भी नए चेहरों को अवसर देकर उन्होंने अपना एजेंडा साफ कर दिया। इसके बाद इन मोर्चों की कार्यकारिणी की बारी आई तो इसमें नए नेतृत्व के साथ सक्रिय और युवाओं को मौका दिए जाने की रणनीति बनी इसी वजह विभिन्न मोर्चों की कार्यकारिणी में थोड़ा विलंब हुआ और अब तक की सबसे बेहतरीन कार्यकारिणी हर मोर्चे में दिखाई दे रही है।

बैतूल का दिखा दबदबा

संगठनात्मक नियुक्ति के बाद शनिवार को भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे राजवाड़े ने अपनी संतुलित 20 सदस्यीय कार्यकारिणी घोषित कर सबको चौका दिया। इसके पहले यह कार्यकारिणी काफी बड़ी होती थी। इस कार्यकारिणी में अधिकांश जिले को मौका मिला है। बैतूल से भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष और सक्रिय महिला नेत्री ममता मालवीय को प्रदेश मंत्री बनाया गया है। वे महिला मोर्चा में बैतूल से स्थान पाने वाली एकलौती कार्यकर्ता है।

इसके अलावा भाजपा पिछड़ा वर्ग के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार ने भी 18 लोगों की अपनी प्रदेश कार्यकारिणी में बैतूल नागरिक सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष अतीत पवार को प्रदेश मंत्री नियुक्त किया है। अतीत प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के करीबी होने के साथ संगठन के अनुभवी और कर्मठ कार्यकर्ता है। वर्तमान मेें अतीत जिला भाजपा संगठन में कार्यालय मंत्री भी है। जबकि अनुसूचित जातीय मोर्चा में प्रदेश अध्यक्ष पंकज सिंह टेकाम ने 21 जिला अध्यक्ष नियुक्त किए हैं।

इसमें बैतूल से संतोष सिंह टेकाम जैसे युवा को मौका दिया है। टेकाम वर्तमान भाजयुमो के महामंत्री होने के साथ चिचोली ब्लाक की गोधना पंचायत के सरपंच भी है। बताया जाता है कि भाजपा अनूसूचित जनजातीय मोर्चा के लिए कई चर्चित चेहरे कतार में थे, लेकिन नए चेहरे को मौका देकर भाजपा ने एक बार फिर सबको चौका दिया है।

महिला मोर्चा में मिलेगा नया अध्यक्ष

ममता मालवीय को महिला मोर्चा में प्रदेश मंत्री बनाने के बाद तय हो गया है कि बैतूल जिला अध्यक्ष के लिए अब नया चेहरा सामने आएगा। मालवीय को महिला मोर्चा का दो बार अध्यक्ष बनने का अवसर मिला है। वर्तमान में वे शंकर वार्ड से पार्षद भी है। वरिष्ठता के आधार पर प्रदेश मंत्री जैसी जवाबदारी सौंपी गई है। इसी के साथ महिला मोर्चा में नया जिला अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है। इसके लिए आधा दर्जन से अधिक भाजपा नेत्रियों के नाम सामने आए हैं, लेकिन चर्चा है कि महिला मोर्चा में भी भाजपा नए चेहरे को मौका देकर चौकाने वाला नाम सामने ला सकती है।

निगम मंडल अध्यक्षों की घोषणा दो दिनों में

भाजपा के मोर्चे में ताबड़तोड़ नियुक्ति होने के बाद अब अगले दो दिनों में बहुप्रतिक्षित निगम मंडल अध्यक्षों-उपाध्यक्षों की सूची जारी होने वाली है। भाजपा के सूत्र बताते हैं कि 1-2 दिनों में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के राजधानी भोपाल पहुंचते ही निगम मंडल अध्यक्षों की बहुप्रतिक्षित सूची जारी हो जाएगी।

इस सूची में करीब दो दर्जन से अधिक पुराने और नए चेहरों को निगम मंडल में महत्वपूर्ण जवाबदारी देना तय हो गया है। इधर निगम मंडल अध्यक्षों को लेकर चर्चा चल रही है कि कोई नए चेहरे के अलावा अनूसूचित जनजाति के लोप्रोफाइल नेता को अवसर दिया जा सकता है। वैसे एससी वर्ग के भी चेहरे को सामने लाने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button