Betul Samachar: बैतूल-नागपुर हाईवे पर अतिक्रमण हटाने चला बुलडोजर

टोल नाके के आसपास सख्ती, बेजा कब्जे किए गए ध्वस्त
Betul Samachar:bबैतूल।। शहर और जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर बढ़ते अतिक्रमण को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को बैतूल-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर टोल नाके के आसपास फैले अतिक्रमणों को हटाने के लिए बुलडोजर कार्रवाई की गई। इस दौरान सडक़ किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेले, गुमटियां, अस्थायी दुकानें एवं अन्य बेजा कब्जों को हटाया गया।
एन एच अधिकारियों की मौजूदगी में की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य सडक़ को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात को सुरक्षित और निर्बाध बनाना बताया गया। टोल नाके के आसपास अतिक्रमण के कारण अक्सर हादसों की स्थिति बनी रहती थी, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल एक दिन की कार्रवाई नहीं है, बल्कि आगे भी निरंतर जारी रहेगा। इसके पूर्व भी नेशनल हाईवे बैतूल,भोपाल और बैतूल,इंदौर मार्ग पर अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की जा चुकी है। इन मार्गों पर भी सडक़ किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाकर मार्ग को चौड़ा और सुरक्षित किया गया था।
अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर दोबारा कब्जा करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आमजन से भी अपील की गई है कि वे सडक़ किनारे अवैध निर्माण या अस्थायी दुकानें न लगाएं, जिससे यातायात बाधित न हो।
स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि अतिक्रमण हटने से दुर्घटनाओं में कमी आएगी और आवागमन पहले से अधिक सुगम होगा।




