Betul Samachar: बैतूल में पहली बार बोर्ड परीक्षा केंद्रों पर कोटवारों ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था 

सोमवार को 11 केंद्रों पर हुई 12 वीं की परीक्षा, नहीं बना नकल प्रकरण

Betul Samachar: बैतूल। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं जिले में व्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से संचालित की जा रही हैं। इस वर्ष परीक्षा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने बड़ा बदलाव करते हुए नया प्रयोग किया है। पहली बार जिले के परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी ग्राम कोटवारों को सौंपी गई है। जिले में इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं के लिए कुल 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें विशेष रूप से ग्रामीण अंचल के केंद्रों पर कोटवारों की तैनाती की गई है।

जानकारी के अनुसार यह नई व्यवस्था नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देश पर लागू की गई है। पहले अधिकतर परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के लिए पुलिस जवानों की तैनाती की जाती थी, लेकिन जिले में पुलिस बल की कमी को देखते हुए प्रशासन ने यह नया निर्णय लिया है। अधिकारियों का कहना है कि ग्राम कोटवार स्थानीय स्तर पर लोगों को पहचानते हैं, जिससे संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करना आसान हो जाता है। इससे परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ और बाहरी हस्तक्षेप को रोका जा सकेगा।

परीक्षा केंद्र के सौ मीटर में निगरानी

प्रशासन द्वारा परीक्षा केंद्रों के आसपास लगभग 100 मीटर क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई गई है। कोई भी अनजान व्यक्ति परीक्षा केंद्र के आसपास पहुंचता है तो कोटवार उस पर नजर रखते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की पहचान कोटवार आसानी से कर लेते हैं, जिससे परीक्षा व्यवस्था को सुरक्षित बनाए रखने में मदद मिल रही है। अधिकारियों का मानना है कि इस नई व्यवस्था से सामूहिक नकल जैसे मामलों पर भी प्रभावी नियंत्रण किया जा सकेगा। पहले कई बार परीक्षा केंद्रों के आसपास बाहरी लोगों की मौजूदगी के कारण नकल के मामले सामने आते थे।

संस्कृत के प्रश्र पत्र में नहीं बना कोई प्रकरण

सोमवार को हायर सेकंडरी की संस्कृत विषय की परीक्षा जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई। संस्कृत विषय के लिए कुल 183 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 177 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 6 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान उड़नदस्तों द्वारा विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

परीक्षा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार संस्कृत विषय की परीक्षा में जिले के किसी भी केंद्र पर नकल का कोई प्रकरण सामने नहीं आया है। इसे प्रशासन द्वारा सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि नई सुरक्षा व्यवस्था के कारण परीक्षा संचालन अधिक व्यवस्थित तरीके से हो पा रहा है।

इसके साथ ही मंगलवार को हाईस्कूल का अंग्रेजी विषय का प्रश्नपत्र जिले के सभी 127 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित किया जाएगा। प्रशासन द्वारा परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। जिला प्रशासन ने अभिभावकों और आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है, ताकि परीक्षाएं अनुशासित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हो सकें।

इनका कहना….

इस बार बोर्ड परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा की दृष्टि से कोटवारों को तैनात किया है। पुलिस बल की कमी को देखते हुए कलेक्टर के निर्देश पर बदलाव हुआ है। 12वीं संस्कृत के प्रश्र पत्र में कोई नकल प्रकरण सामने नहीं आया।

विनोद पड़लक, बोर्ड परीक्षा प्रभारी, बैतूल 

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button