Betul Ki Khabar: परशुराम चौक पर पाइप लाइन शिफ्टिंग से जल संकट गहराया

पिछले तीन दिन से सिविल लाइन सहित कई क्षेत्रों में सप्लाई बाधित
Betul Ki Khabar: बैतूल। शहर के प्रमुख परशुराम चौक के चौड़ीकरण के लिए क्षेत्र में चल रहे पाइप लाइन शिफ्टिंग कार्य के कारण पिछले तीन दिनों से करीब 300 परिवारों को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। पेयजल आपूर्ति ठप होने से रहवासियों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो गई है।
हालात यह हैं कि लोगों को पीने के पानी के लिए दूर-दराज के इलाकों से पानी लाना पड़ रहा है या फिर निजी टैंकरों पर निर्भर होना पड़ रहा है। नपा अधिकारियों के मुताबिक पाइप लाइन को शिफ्ट किया जाना बेहद जरूरी था, क्योंकि चौराहे के चौड़ीकरण के बाद आने वाली समस्या से निपटना नपा के लिए भी नामुमकिन साबित होता लिहाजा समय रहते आने वाले संकट का समाधान पहले ही कर लिया गया है।
अचानक सप्लाई बंद होने से गहराया जल संकट
जानकारी के अनुसार परशुराम चौक पर सड़क चौड़ीकरण और अन्य विकास कार्यों के चलते पुरानी पेयजल पाइप लाइन को शिफ्ट किया जा रहा है। शिफ्टिंग के चलते अचानक जल प्रदाय बाधित हो गया और लोगों के लिए पानी की परेशानी निर्मित हो गई। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि उन्हें न तो पहले से कोई स्पष्ट सूचना दी गई और न ही पानी के पहले से कोई वैकल्पिक इंतजाम किए गए। अचानक सप्लाई बंद होने से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। ऐसी स्तिथि में आम नागरिकों का निजी जल स्त्रोतों पर निर्भर होना अब उनकी मजबूरी बन गई है।
तीन दिन से सूखे पड़े नल,निजी टैंकरों के भरोसे नागरिक
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि तीन दिन से नल सूखे पड़े हैं। घरों में जमा पानी खत्म हो चुका है और रोजमर्रा के कामकाज, जैसे खाना बनाना, सफाई और स्नान तक प्रभावित हो गए हैं। कई परिवारों को मजबूरी में 500 से 800 रुपए तक खर्च कर निजी टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं, जो हर किसी परिवार के लिए संभव नहीं है। जल संकट के कारण लोगों में नगर पालिका के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि यदि कार्य को सुनियोजित तरीके से किया जाता और पहले से वैकल्पिक जल आपूर्ति की व्यवस्था की जाती, तो इतनी बड़ी आबादी को परेशानी नहीं उठानी पड़ती। रहवासियों ने मांग की है कि जब तक स्थायी सप्लाई बहाल नहीं होती, तब तक टैंकरों के माध्यम से नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
इस संबंध में जब नगर पालिका के अधिकारियों से बात की गई तो नपा के इंजीनियर धीरेंद्र राठौर ने बताया कि पाइप लाइन शिफ्टिंग का कार्य अति आवश्यक था। कार्य अब अंतिम चरण में है प्रयास किए जा रहे हैं कि बुधवार शाम तक काम पूरा कर लिया जाएगा और जल आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी। हालांकि, जमीनी हकीकत यह है कि अब तक अधिकांश परिवारों तक कोई राहत नहीं पहुंची है।
इनका कहना….
भविष्य की समस्या को देखते हुए पाइप लाइन शिफ्ट करना आवश्यक था आज शाम तक $काम पूरा कर लिया जाएगा। कल से जल आपूर्ति भी शुरू कर दी जाएगी।
धीरेंद्र राठौर, सब इंजीनियर नपा बैतूल




